कालका में स्ट्रे डॉग्स ने दो लोगों को काटा
लोग बोले, न जाने कब जागेंगे प्रशासनिक अधिकारी
कालका।
शहर में स्ट्रे डॉग्स का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। सोमवार को कालका के सरकारी अस्पताल में डॉग बाइट के दो मामले सामने आए हैं। दोनों मामले गुग्गा माड़ी के हैं। निर्जला एकादशी के अवसर पर गुग्गा माड़ी पर मीठे पानी की छबील का आयोजन किया गया था। इस दौरान सेवा के दौरान हरप्रीत के पैर पर अचानक से एक कुत्ता झपट पड़ा। कुत्ते ने पैैर को जबड़ों में जकड़कर दांत गड़ा दिए। कड़ी मश्क्कत के बाद लोगों ने हरप्रीत को कुत्ते से छुड़वाया और कालका के सरकारी अस्पताल में उपचार के लिए ले गए। हरप्रीत के बाएं पैर से काफी खून बह रहा था। कालका में उपचार के बाद वह सोलन स्थित कसौली इलाज के लिए गया है। दूसरा मामला भी गुग्गा माड़ी का ही है। जहां रोहित नाम का युवक घर से निकला ही था कि कुछ दूरी पर एक स्ट्रे डॉग ने उसकी बाईं टांग में काट खाया। रोहित भी कालका के सरकारी अस्पताल में उपचार के लिए पहुंचा। बता दें कि स्ट्रे डॉग्स की बढ़ रही तादात से शहरवासी परेशान हैं। लोगों ने प्रशासनिक अधिकारियों से जागने की अपील की है कि जल्द से जल्द कोई अभियान चला इन आवारा कुत्तों से निजात दिलाई जाए। हालात ये हैं सुबह-सुबह तो कालका के गांधी चौक व रेलवे रोड पर स्ट्रे डॉग्स का जमावड़ा लगा होता है। राहगीर और वाहन चालकों पर इन्हें झपटते हुए अक्सर देखा जाता है। शहर में डाग बाइट के कई मामले आने के बाद भी प्रशासन आंखें मूंदे बैठा है।