न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मोहाली
Updated Thu, 19 Jul 2018 10:48 AM IST
पंजाब के मोहाली में एक दिलचस्प वाकया सामने आया है। यहां खूंखार गैंगस्टर दिलप्रीत सिंह दहान उर्फ बाबा के लिए एंबुलेंस को ही कोर्ट रूम बना दिया गया। दरअसल, मंगलवार को दिलप्रीत सिंह की दो दिनों की पुलिस रिमांड खत्म होने के बाद उसे जिला अदालत लाया जाना था। लेकिन उसकी तबीयत खराब होने की वजह से उसे कोर्ट रूम तक नहीं ले जाया जा सका।
इस दौरान मामले की सुनवाई करने वाले जज ईमानवीर सिंह धारीवार खुद ही कोर्ट रूम से बाहर आ गए और कोर्ट परिसर में खड़ी एंबुलेंस को ही कोर्ट रूम बनाकर सुनवाई शुरू कर दी। पुलिस द्वारा दिलप्रीत सिंह की आगे की रिमांड नहीं मांगे जाने पर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। सुनवाई पूरी होने के बाद उसे फिर से अस्पताल ले जाया गया, जहां वो पहले से भर्ती था।
बता दें कि दिलप्रीत सिंह पर हत्या और जबरन वसूली के कई मामले दर्ज हैं। उसपर मशहूर पंजाबी गायक परमीश वर्मा और एक सरपंच की हत्या का भी आरोप है। उसे हाल ही में गिरफ्तार किया गया था।
पंजाब पुलिस के विश्वस्त सूत्रों के हवाले से मिली खबर के मुताबिक उसने गायक परमीश वर्मा की हत्या की बात कबूल कर ली है। पूछताछ में उसने बताया कि परमीश पर गोली उसी ने चलाई थी। इसके अलावा परमीश के जानकारों से उसने 20 लाख रुपये की रंगदारी भी ली थी।