गर्मी शुरू होते ही लोगों की परेशानी भी बढ़ने लगी है। चंडीगढ़ में पानी बचाने की अपील की जा रही है, लेकिन कुछ लोग दिल खोल कर पानी बर्बाद कर रहे हैं। जब मेयर ने छापा मारा तो वो भी नज़ारा देख सन्न रह गईं। मेयर आशा जसवाल वीरवार सुबह नगर निगम के पब्लिक हेल्थ अधिकारियों के साथ पानी की बर्बादी चेक करने औचक निरीक्षण पर निकलीं। इस दौरान शहर में नगर निगम ने पानी बर्बाद करने वाले 13 लोगों का चालान काटा और 75 को नोटिस जारी किया। मनीमाजरा से दो टूल्लू पंप (मोटर) भी पकड़े जो सीधे पाइप लाइन से जुड़े थे।
सबसे पहले मेयर और अधिकारी सुबह सात बजे प्रेस क्लब के पास पहुंचे। वहां से सेक्टर-27 के कई घरों के सामने से होकर गुजरे। मेयर सेक्टर-27 में एक घर पहुंचीं, लेकिन वहां सब कुछ ठीक था। उसके बाद वहां से सेक्टर-28 की ओर काफिला चल पड़ा। टीम सेक्टर-28 स्थित एक मकान में पहुंची। वहां एक व्यक्ति पाइप से गमले के पौधों को पानी दे रहा था। फिर क्या था मेयर ने अधिकारियों को निर्देश दिया और चालान काटकर थमा दिया।
बंसल के घर के आगे से गुजरीं मेयर
मेयर ने औचक निरीक्षण कर पकड़ी पानी की बर्बादी
- फोटो : अमर उजाला
घर की एक महिला को मेयर ने समझाया कि 1 अप्रैल से पाइप से गाड़ी धोना या पौधों को पानी देना मना है। फिर ऐसा क्यों कर रहे हैं। कार को बाल्टी से धोएं तो पानी की बचत होगी। मेयर ने महिला को समझाया कि आपका दो हजार रुपये का चालान कटेगा। इसका बिल पानी के बिल के साथ जुड़कर आएगा। इसके बाद मेयर ने अधिकारियों के साथ सेक्टर-33 में औचक जांच की। मेयर ने लोगों से पानी बचाने की अपील भी की।
बंसल के घर के आगे से गुजरीं मेयर
मेयर आशा जसवाल सेक्टर-28 के विभिन्न हिस्सों से होते हुए पूर्व केंद्रीय मंत्री पवन कुमार बंसल के घर के आगे से निकलीं। पूरी तरह से बंसल की कोठी पर नजर थी कि कहीं किसी गाड़ी को पाइप से धोया तो नहीं जा रहा है, लेकिन कुछ नहीं मिलने पर गाड़ी रुकी नहीं। मेयर के साथ एक्सईएन शाम लाल, एसडीई जगदीश सिंह के अलावा दिलदीप सिंह और पीपी सिंह भी शामिल थे।