धरने को संबोधित करते उत्तर प्रदेश बिजली कर्मचारी संघ के प्रांतीय मंत्री रामलाल पाल।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
उत्तरप्रदेश बिजली कर्मचारी संघ ने 17 सूत्री मांगों को लेकर बिजली विभाग के अधिशासी अभियंता कार्यालय के सामने धरना दिया। पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि मांगें नहीं मानी गई तो क्रमिक अनशन करेंगे। लगभग चार घंटे तक कर्मचारियों ने अफसरों को जमकर खरी खोटी सुनाई। साथ ही अधिशासी अभियंता पर मनमानी का आरोप लगाया।
मुख्यालय के पटेल तिराहे के पास धरने में प्रांतीय मंत्री रामलाल पाल ने कहा कि संविदाकर्मियों को अप्रैल से जुलाई तक चार माह के वेतन का भुगतान नहीं दिया गया। अधिकारी संविदा कर्मियों का शोषण करते हैं। जोनल अध्यक्ष अमीनुद्दूीन ने कहा कि संविदा कर्मियों के दो वर्ष के ईपीएफ की धनराशि का भुगतान किया जाए। जोनल मंत्री अनिल यादव ने कहा कि बिजली कर्मियों को सुरक्षा के उपकरण उपलब्ध कराएं जाए।
जिलाध्यक्ष अंबिका प्रसाद ने कहा कि जो कार्य ठेकेदारों से कराया जाता है, उसमें संविदा कर्मियों की ड्यूटी न लगाई जाए। धरने के बाद पदाधिकारियों और अधिशासी अभियंता में बातचीत हुई। इस मौके पर आनंद पाल, लखन पटेल, शिवसागर सिंह मंडल अध्यक्ष चंद्रभान पांडेय, रामअसारे, सुशील जोशी, चंद्रभान साहू, कमल प्रजापति, शिवशंकर, बृजेश श्रीवास्तव भी मौजूद रहे।