कड़वाहट को दिल में संभालकर रखना ऐसा है, जैसे कोई व्यक्ति स्वयं जहर पी ले और यह उम्मीद करे कि उसका असर किसी और पर होगा। वास्तव में नफरत, गुस्सा और बदले की भावना सबसे पहले हमें ही भीतर से कमजोर और खोखला कर देती है। जब हम किसी के व्यवहार से आहत होते हैं, तो अक्सर अपने मन में बार-बार उन्हीं बातों को दोहराते रहते हैं। हम चाहते हैं कि सामने वाला अपनी गलती माने, हमसे माफी मांगे। मगर हर बार ऐसा होना जरूरी नहीं है। कई लोग कभी नहीं समझते कि उन्होंने किसी को कितना दुख पहुंचाया है, और कई लोग समझकर भी स्वीकार नहीं करते। अगर हमारी मानसिक शांति किसी और की समझदारी या स्वीकार करने पर निर्भर होगी, तो हम कभी सच्चे सुकून के साथ जी नहीं पाएंगे।
अगर कोई ऐसा व्यक्ति है, जिससे आप सच में प्यार करते हैं, जिसकी मौजूदगी आपके जीवन में मायने रखती है, तो उससे अपने दिल की बातें कहिए। कई बार एक सच्ची बातचीत रिश्तों को और गहरा बना देती है। अगर ऐसा न भी हो, तो कम से कम आपको यह स्पष्ट हो जाता है कि कौन आपके जीवन में रहने के योग्य है और कौन नहीं।
हर रिश्ता हमेशा साथ चलने के लिए नहीं बना होता। कुछ लोग हमारे जीवन में हमें सिर्फ सीख देने आते हैं। हम अक्सर गुस्से में किसी से बदला लेना चाहते हैं। बदला लेने की इच्छा शुरुआत में वैसे तो ताकत जैसी लगती है, लेकिन धीरे-धीरे वही भावना हमारे भीतर अंधेरा भर देती है। किसी को तकलीफ देकर या उसकी गलती साबित करके शायद कुछ पल का संतोष भले मिल जाए, लेकिन उससे मन हल्का नहीं होता। असली आजादी तब मिलती है, जब हम यह तय करते हैं कि अब हम किसी और के व्यवहार को अपनी मानसिक शांति पर हावी नहीं होने देंगे। माफ करने का मतलब यह नहीं होता कि आपने सामने वाले की गलती को सही मान लिया।
इसका मतलब सिर्फ इतना होता है कि अब आप उस दर्द को अपने भीतर और जगह नहीं देना चाहते, क्योंकि जब तक हम अपने दुख से चिपके रहते हैं, तब तक वह हमारे दिमाग और दिल में जगह घेरकर बैठा रहता है। वह हमारी खुशी, हमारी ऊर्जा और हमारी वर्तमान जिंदगी को प्रभावित करता रहता है।
माफी देना दरअसल खुद को उस कैद से आजाद करना है, जिसमें हम अनजाने में बंद हो चुके होते हैं। जीवन बहुत छोटा है, उसे हर समय यह साबित करने में न निकाल दें कि कौन सही था और कौन गलत। कभी-कभी आगे बढ़ जाना ही सबसे बड़ी जीत होती है। जो लोग हमें समझ नहीं पाए, उन्हें समझाने में पूरी जिंदगी लगा देना बुद्धिमानी नहीं है। अपनी शांति को चुनना, अपने दिल को हल्का रखना और बीते हुए दर्द को छोड़ देना ही असली ताकत है, क्योंकि अंत में सुकून उसी इन्सान को मिलता है, जिसने छोड़ना सीख लिया हो।
सूत्र- माफ करना सीखें
कड़वाहट, गुस्सा और बदले की भावना हमें भीतर से कमजोर करती हैं, जबकि माफ करना और आगे बढ़ जाना हमें मानसिक शांति देता है। हर व्यक्ति हमारी भावनाओं को समझे, यह जरूरी नहीं, लेकिन अपनी खुशी और सुकून को किसी और के व्यवहार पर निर्भर कर देना सबसे बड़ी गलती है। जीवन सुंदर बनता है, जब हम बीते हुए दर्द को छोड़कर शांति चुनते हैं।