नगर स्थित एक लान में शनिवार की रात विवाह समारोह के दौरान चोरों ने दुल्हन के पर्स से गहने और अन्य कीमती सामान चोरी कर ले गए। घटना के वक्त जयमाल की रस्म में घराती बराती व्यस्त थे। इस बात की जानकारी जब परिवार वालों को हुई तो उन्होंने इसकी सूचना सौ नंबर पर पुलिस को दी।
मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के सर्कस रोड निवासी डा. विपिन कुमार श्रीवास्तव की पुत्री का वैवाहिक समारोह चंदासी पुलिस चौकी क्षेत्र स्थित एक लान में शनिवार को आयोजित था। परिवार वालों के अनुसार रात लगभग दस बजे लान में बने स्टेज पर जयमाल का कार्यक्रम चल रहा था। परिवार के सदस्य व रिश्तेदार कमरों को बंद करके स्टेज के पास आ गये। वहीं दुल्हन ने भी अपना पर्स कमरे में छोड़ दिया था।
जयमाल समाप्त होने के बाद दुल्हन जैसे ही कमरे में पहुंची तो देखा कि उसका पर्स खिड़की के पास पड़ा हुआ है और उसमें रखे सोने के जेवरात, रुपये और मोबाइल गायब है। परिवार वालों के अनुसार कमरे में बनीं खिड़की की जाली टूटी हुई थी।
लोगों ने अनुमान लगाया कि जाली तोड़कर खिड़की में किसी डंडे के सहारे पर्स को उठाया गया होगा। खिड़की में लगे ग्रिल से पर्स बाहर निकलने नहीं पाने की स्थिति में चोर ने पर्स में रखे सामान को उड़ा दिया और पर्स वहीं छोड़कर फरार हो गये। वहीं कोतवाली प्रभारी ने बताया कि चोरी की सूचना मिली थी लेकिन पीड़ित ने किसी प्रकार की लिखित शिकायत नहीं मिली है।