देहरादून। एक एनजीओ खोलकर 68 लोगों को लाखों का चूना लगाने वाले दो लोगों को रायपुर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दो अन्य की तलाश की जा रही है।
एसओ रायपुर राजीव रौथाण के अनुसार छह माह पूर्व सहारनपुर के कुछ लोगों ने डील कॉलोनी में एक एनजीओ खोला, जिसमें सुपरवाइजर और बालबाड़ी कार्यकत्री के 68 पदों के लिए भर्ती निकाली गई, जिन्हें मलिन बस्तियों में काम करना था। सुपरवाइजर के पदों के लिए 25 हजार रुपये लिए गए, जबकि कार्यकत्री के लिए पांच से 10 हजार रुपये लिए गए। साथ ही सुपरवाइजर को एक माह का वेतन चार हजार रुपये और बालबाड़ी कार्यकत्री को एक माह का वेतन ढाई हजार निर्धारित किया गया। लेकिन जब चार माह तक वेतन नहीं मिला और एनजीओ का दफ्तर भी बंद हो गया तो लोगों ने इसकी शिकायत पुलिस से की। शनिवार को पुलिस ने एनजीओ के सचिव मोहम्मद तारिख निवासी सहारनपुर और उसके चालक सलमान को गिरफ्तार कर लिया। अध्यक्ष और कोषाध्यक्ष की तलाश की जा रही है।
नौकरी के नाम पर ठगने वाला दबोचा
कैंट पुलिस ने मर्चेंट नेवी में नौकरी के नाम पर एक युवक से दो लाख रुपये ठगने वाले एक कंसलटेंसी फर्म के मालिक को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने अगस्त 2011 को नयागांव निवासी दीपांसू से मर्चेंट नेवी में नौकरी के नाम पर दो लाख रुपये लिए थे। आरोपी के खिलाफ पटेलनगर में भी ठगी का मुकदमा दर्ज है। आरोपी की पहचान रायबरेली निवासी कमल सिंह के रूप में हुई।