देहरादून। पलटन बाजार के बाद पुलिस ने लैंसडौन चौक के पास तिब्बती मार्केट के सामने लगने वाले संडे मार्केट को भी ‘साफ’ कर दिया। दोपहर में चले अभियान के दौरान यहां लगी दुकानें हटा दी गईं। कई दुकानदारों का सामान जब्त कर लिया गया। इस दौरान विरोध कर रहे दुकानदारों पर पुलिस ने लाठियां भी भांजीं। आनन-फानन में दुकानदार सामान लेकर चलते बने। उन्हें सख्त हिदायत दी गई है कि अगले रविवार से यहां न आएं। दूसरी ओर, पलटन बाजार में संडे मार्केट लगाने की कोशिश कर रहे दुकानदारों को भी पुलिस ने खदेड़ दिया।
रविवार को सुबह से ही तिब्बती मार्केट के पास संडे मार्केट सज गया था। इससे वहां जाम लगने लगा। दोपहर तक व्यवस्था पटरी से उतर गई। सर्वे चौक, लैंसडौन चौक, क्रास रोड, बुद्ध चौक, कनक चौक तक वाहन रेंगने लगे। दोपहर ढाई बजे जानकारी मिलने पर एसएसपी केवल खुराना ने डालनवाला पुलिस को मार्केट हटाने को कहा। इंस्पेक्टर डालनवाला डीएस भंडारी फोर्स के साथ पहुंचे और लाउड स्पीकर पर दुकानदारों को तुरंत सामान समेटने को कहा। लेकिन, ज्यादातर दुकानदार जमे रहे। इस पर पुलिस ने उनका सामान जब्त करना शुरू कर दिया। जो व्यापारी जिद पर अड़े रहे उन्हें पुलिस ने वहां से लाठियां मारकर खदेड़ा।
कोतवाली पुलिस ने भी सुबह ही मार्केट लगाने पहुंचे कई लोगों को पलटन बाजार से भगाया। हालांकि, फुटपाथ पर सामान बेचने वालों को परेशान नहीं किया गया। वे दिन भर वहां सामान बेचते रहे।
अतिक्रमण हटाया, तीन के चालान
रविवार को धामावाला, हनुमान चौक, झंडा बाजार, मोती बाजार, डिस्पेंसरी रोड और आसपास के इलाकों में पुलिस ने अतिक्रमण हटवाया। तीन दुकानदारों के चालान किए गए, कई का सामान जब्त किया गया।