देहरादून। सेंट थॉमस की आठवीं कक्षा की छात्रा मुरादाबाद के एचओड़ा गांव से बरामद कर ली गई। उसे भगाकर ले जाने वाला बीबीए का छात्र फरार हो गया। वह छात्रा की मां से ट्यूशन पढ़ता था। आरोपी पर दबाव बनाने के लिए पुलिस ने उसके पिता को हिरासत में ले लिया है।
टीएचडीसी कॉलोनी निवासी व्यवसायी की बेटी, सेंट थॉमस में कक्षा आठ की छात्रा मंगलवार को छुट्टी के बाद लापता हो गई थी। रात में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराते हुए परिजनों ने दो युवकों पर शक जताया था। कॉल डिटेल के आधार पर पुलिस को पता चला कि मुरादाबाद के अमौली थाना क्षेत्र के एचओड़ा गांव निवासी भोला दून में बीबीए कर रहा है। वह छात्रा की मां से ट्यूशन पढ़ता था। इसी दौरान दोनों में दोस्ती हो गई। पता चला कि भोला ही छात्रा को बहला-फुसलाकर ले गया है। इस पर बुधवार को महिला हेल्पलाइन प्रभारी किरण असवाल के नेतृत्व में टीम मुरादाबाद भेजी गई। वहां भोला के घर से छात्रा को बरामद कर लिया गया।
नहीं मिल रहा था ठिकाना
भोला छात्रा को भगा तो ले गया, लेकिन अब कहां जाए यह उसकी समझ में नहीं आ रहा था। पुलिस के मुताबिक भोला छात्रा को स्कूल से बाइक पर बैठाकर ले गया। बाद में वह बस से रामपुर में रहने वाली अपनी बहन के यहां पहुंचा। लेकिन बहन की डांट पर वह छात्रा को लेकर वहां से भाग गया। पुलिस के मुताबिक वह लगातार दोस्तों को फोन कर पूछ रहा था कि छात्रा को लेकर कहां जाए।
छात्रा को घर ले आए थे परिजन
भोला की बहन ने अपने पिता को भाई की करतूत के बारे में बताया तो वह भोला की तलाश में निकल गए। रास्ते में पिता को देख भोला छात्रा को छोड़ भाग निकला। इस पर भोला के पिता छात्रा को लेकर अपने घर चले गए। इसके बाद दून पुलिस वहां पहुंच गई थी।