देहरादून। राजधानी में घर को कुछ देर के लिए भी खाली छोड़ना मुमकिन नहीं है। बालावाला में एक परिवार को इसी गलती का बड़ा खामियाजा भुगतना पड़ा। सिर्फ आधे घंटे के लिए घर में कोई नहीं था और इसी दौरान चोरों ने बेटी की शादी के लिए सहेजे गए साढ़े तीन लाख रुपये के गहने और 35 हजार रुपये पर हाथ साफ कर दिया।
रायपुर थाना क्षेत्र के बालावाला निवासी बुद्धि वल्लभ पुरोहित जल निगम में बाबू हैं। पुरोहित सुबह दफ्तर चले गए, जबकि बेटा-बेटी कालेज। करीब आधा घंटे के लिए उनकी पत्नी मकान पर ताले लगाकर बाहर चली गईं। उन्होंने मुख्य दरवाजे की चाबी हमेशा की तरह खिड़की के पास ही छोड़ दी। इसी बीच चोरों ने चाबी से मुख्य द्वार का ताला खोल लिया, जबकि अंदर के ताले तोड़कर पूरे मकान को खंगाल लिया। काम पूरा होने के बाद चोर ताला लगाकर फरार हो गए। बाबू की पत्नी वापस लौटी तो घटना का पता लगा। हर बार की तरह पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच की औपचारिकता पूरी कर लौट गई।