विकासनगर/त्यूनी। हरिपुर-कोटी-मीनस मार्ग पर इच्छाड़ी के पास चलती बस में पहाड़ी से पत्थर गिरने से तीन यात्री घायल हो गए, जिसमें हिमाचल प्रदेश के लोनिवि के अवर अभियंता की अस्पताल लाते वक्त रास्ते में मौत हो गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
घटना सोमवार दोपहर करीब एक बजे की है। पुलिस के अनुसार विकासनगर से त्यूनी के लिए रवाना हुई एक प्राइवेट बस हरिपुर कोटी मार्ग पर इच्छाड़ी की ओर जा रही थी। इसी बीच पहाड़ी से एक पत्थर बस का शीशा तोड़ते हुए तेजी से बस में बैठे यात्रियों पर जा लगा। घटना से बस में चीख पुकार मच गई। हादसे में हिमाचल प्रदेश के पांवटा जिला सिरमौर निवासी त्रिलोक चंद्र निराला (55) पुत्र बालम राम, जीवन सिंह पटवारी अणु त्यूनी और होमगार्ड अनुज घायल हो गए। त्रिलोक चंद्र को गंभीर चोटें आई। बस में मौजूद लोगों ने घटना की सूचना 108 को दी। 108 की मदद से तीनों घायलों को सीएचसी विकासनगर लाया गया। जहां डाक्टरों ने अवर अभियंता त्रिलोक चंद को मृत घोषित कर दिया। दो अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है। बस में करीब 35 लोग सवार थे। पुलिस के अनुसार सूचना मिलते ही मृतक के परिजन भी अस्पताल पहुंच गए थे। त्रिलोक चंद्र निराला हिमाचल पीडब्लूडी में कार्यरत थे और इन दिनों चौपाल में तैनात थे। त्यूनी से चौपाल नजदीक पड़ने के कारण वह सोमवार को विकासनगर से बस से रवाना हुए थे कि रास्ते में हादसे का शिकार हो गए।