देहरादून। दून-दिल्ली हाईवे पर मोहंड से उत्तराखंड की सीमा के बीच हाईवे के लुटेरे सक्रिय हो गए हैं। शनिवार देर रात दिल्ली से दून आ रही उत्तराखंड रोडवेज की वाल्वो बस को सुंदरपुर-मोहंड के बीच लूटने का प्रयास किया गया। लेकिन चालक की सूझबूझ से बस सड़क पर पड़े पेड़ को पार कर निकल गई।
बस के निकलते ही बदमाशों ने कई राउंड फायरिंग की। हालांकि, बस की बाडी से गोलियां पार नहीं हो सकीं। बस में सवार सभी 27 यात्री सुरक्षित दून पहुंच गए। उत्तराखंड रोडवेज से अनुबंधित वाल्वो बस (यूके07पीए1237) शनिवार शाम छह बजे दिल्ली से दून के लिए चली। रात करीब 11:30 बजे बस सहारनपुर जिले के सुंदरपुर से कुछ आगे निकली तो जंगल के बीच सड़क पर मोटा पेड़ पड़ा दिखा। चालक ने तुरंत बस की गति बढ़ा दी और वाहन कच्चे में उतार गिराए गए पेड़ की टहनियों के ऊपर से निकालते हुए दौड़ा दी।
बस को निकलता देख सड़क के दोनों ओर से 15-20 बदमाश सड़क पर आ गए और बस पर पत्थर फेंकने के साथ ही फायर झोंक दिए। इस दौरान बस में सवार यात्रियों में अफरातफरी मच गई। चालक ने सीधे मोहंड चौकी पर बस रोकी, तब जाकर सवारियों की चिंता कुछ दूर हुई। वाल्वो के एआरएम पीके भारती ने बताया कि बस चालक सत्यप्रकाश और परिचालक भूपेंद्र पंवार ने यूपी पुलिस को तहरीर देकर घटना की सूचना दी। बाद में पुलिस मौके पर पहुंची तो सड़क पर पेड़ मिला, लेकिन बदमाश भाग चुके थे। उधर, रोडवेज कर्मचारी यूनियन के क्षेत्रीय मंत्री केपी सिंह ने हाईवे पर इस प्रकार की घटना को देखते हुए यूपी में उत्तराखंड सीमा के पास के क्षेत्र में रात में पेट्रोलिंग बढ़ाए जाने की मांग की है।
बता दें कि पांच पहले भी इसी क्षेत्र में बसों में लूट की कई घटनाएं हुई थीं। इस दौरान यूपी में कई एनकाउंटर होने के बाद घटनाओं पर लगाम लगी थी। अब लुटेरों की सक्रियता फिर यूपी पुलिस के लिए चुनौती बन रही है।
मोहंड के पास वॉल्वो बस में लूट का प्रयास करने पर चालक की सूझबूझ से यात्री सुरक्षित निकल आए हैं। हम सोमवार को इस मामले में एसएसपी दून को भी रिपोर्ट दर्ज करने के लिए तहरीर देंगे।
-दीपक जैन, महाप्रबंधक, संचालक
जरा इनकी सुनो
रोडवेज बस में लूट के प्रयास की कोई घटना नहीं हुई। सूचना थी कि वन तस्कर पेड़ काटने के लिए आए थे। उन्होंने सड़क किनारे पेड़ काट, हाईवे पर गिराकर, उसे वाहन में लादकर ले जाने की कोशिश की होगी। हमारे मौके पर पहुंचने के बाद वॉल्वो बस मौके से गुजरी है। उस पर कोई फायर या लूटने का प्रयास नहीं किया गया।
-कमल सिंह यादव, एसओ बिहारीगढ़