पंजीकरण के बाद 2188 श्रद्धालु चारधाम रवाना
-- पहाड़ों में बारिश से राहत मिलने के बाद यात्रा ने पकड़ी रफ्तार
अमर उजाला ब्यूरो
ऋषिकेश।
पहाड़ों में मौसम खुलने के साथ ही चारधाम यात्रा में श्रद्धालुओं की संख्या में एक बार फिर इजाफा होने लगा है। रविवार को तीर्थनगरी में अनिवार्य फोटोमीट्रिक कराने के बाद 2188 श्रद्धालु चारधाम के लिए रवाना हुए। पहाड़ों व मैदानी हिस्सों में हो रही मूसलाधार बारिश के कारण बीते करीब दो महीने से चारधाम यात्रा में श्रद्धालुओं की आमद में गिरावट दर्ज की जा रही थी। अब पहाड़ों मेें बारिश थमने के साथ ही यात्रियों का कारवां फिर से चारधाम दर्शनों के लिए निकलने लगा है। रविवार को तीर्थनगरी स्थित चारधाम यात्रा बस ट्रांजिट कंपाउंड स्थित फोटोमीट्रिक पंजीकरण केंद्र में विभिन्न प्रांतों के हजारों श्रद्धालु पहुंचे। इनमें ज्यादातर तीर्थयात्री केरल, महाराष्ट्र व मध्यप्रदेश आदि प्रांतों के शामिल थे।
उन्होंने यात्रा पर रवाना होने से पूर्व अपना अनिवार्य फोटोमीट्रिक रजिस्ट्रेशन कराया। चारधाम जाने वाले यात्रियों का फोटोमीट्रिक पंजीकरण करने वाली कंपनी त्रिलोक सिक्योरिटी सिस्टम इंडिया के ब्रांच प्रबंधक प्रेम अनंत ने बताया रविवार को 2,188 श्रद्धालु चारधाम दर्शन के लिए रवाना हुए। जबकि रविवार को करीब दस हजार लोगों ने चारधाम जाने के लिए विभिन्न पंजीकरण केंद्रों पर ऑनलाइन फोटोमीट्रिक रजिस्ट्रेशन कराया। उन्होंने बताया कि इसके साथ ही इस साल की चारधाम यात्रा में अब तक 6 लाख, 66 हजार, 65 तीर्थयात्री चारधाम के दर्शन कर चुके हैं।