बुजुर्गों से मिलती है जीने की प्रेरणा
- दि प्रेसीडेंसी स्कूल में मनाया गया ग्रेंड पेरेन्टस डे
अमर उजाला ब्यूरो
डोईवाला।
दि प्रेसीडेंसी इंटरनेशनल स्कूल भानियावाला में आयोजित ग्रेंड पेरेंट्स डे के मौके पर बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियों से मन मोह लिया। वक्ताओं ने कहा कि परिवारों के बुजुर्गों से जीवन को जीने की प्रेरणा मिलती है। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय निदेशक मनिंदर सिंह ने दीप जलाकर करते हुए कहा कि परिवारों में बड़े बुजुर्गों का अलग महत्व होता है। परिवार में दादा-दादी और नाना-नानी अपने जीवन भर के अनुभव से हमें बहुत कुछ सिखाते हैं। इसलिए उनके सम्मान में आयोजन किया जाता है।
बच्चों ने गढ़वाली, पंजाबी, नृत्य और गीत प्रस्तुत किए। देशभक्ति प्रस्तुति मेरा रंग दे बसंती चोला ने सबको मंत्रमुग्ध कर दिया। बच्चों को पौष्टिक आहार देने पर आयोजित लघु नाटिका को सबसे अधिक वाहवाही मिली। दादा-दादी और नाना-नानी के लिए आयोजित प्रतियोगिताओं के विजेताओं को विद्यालय प्रबंधन की ओर से सम्मानित भी किया गया। बुजुर्गों ने कार्यक्रम में अपने अनुभवों को भी साझा किया। कार्यक्रम में विद्यालय प्रधानाचार्य रविंद्र कौर जुनेजा, दिनेश त्रिपाठी, श्वेता अग्रवाल, रश्मि, कमलेश बहुगुणा, हीरालाल गोला, ओमकार सिंह आदि तमाम अभिभावक और शिक्षक मौजूद रहे।