पहलवान लाभांशु का नाम यूनिक वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज
-- जॉर्जिया में तीर्थनगरी के लाल ने 20 टनी ट्रक खींचने का किया था प्रदर्शन
अमर उजाला ब्यूरो
ऋषिकेश।
तीर्थनगरी के युवा पहलवान लाभांशु शर्मा ने जॉर्जिया में 20 टनी ट्रक खींचकर अपना नाम यूनिक वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज कराया है। लाभांशु को यूनिक वर्ल्ड रिकार्ड की ओर से इस कारनामे के लिए सर्टिफिकेट जारी किया गया है। राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित पहलवान लाभांशु देसी- विदेशी प्रतियोगिताओं में 19 गोल्ड मेडल जीत चुके हैं। तीर्थनगरी के लाल पहलवान लाभांशु शर्मा ने जॉर्जिया में बीते माह 20 दिसंबर को 20 टन का ट्रक खींचा था। इससे पूर्व पहलवान लाभांशु कुश्ती में राज्य स्तर पर 12 व राष्ट्रीय स्तर पर सात व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर दो स्वर्ण पदक जीत चुके हैं। लाभांशु ने महज 14 साल की उम्र में दिल्ली में आयोजित हुई नौशेरवा कुश्ती को जीता था।
ऑल इंडिया नेशनल स्कूल गेम्स में सीनियर वर्ग में लाभांशु उत्तराखंड को पहला स्वर्ण दिलाने वाले पहलवान भी हैं। उन्होंने बताया कि वह खुद को फिट रखने के लिए शुद्ध शाकाहारी भोजन लेते हैं। इसके अलावा वह हर रोज चार लीटर दूध पीकर कड़ी मेहनत करते हैं। उन्होंने युवाओं को खुद को फिट रखने के लिए नशे से दूर रहने की सलाह दी। साथ ही सुबह जल्दी उठकर दौड़, एक्सरसाइज करने और संतुलित आहार लेने को कहा है।