देवप्रयाग। भरपूर पट्टी के चिलपड़ गांव के लोग ठंड में भी पेयजल के लिए भटक रहे हैं। घंटों इंतजार के बाद उन्हें 20 लीटर पानी मिल पा रहा है, जिससे दो दिन काम चलाना पड़ता है। पेयजल वितरण प्रणाली की गड़बड़ी की वजह से लोगों को यह दिक्कत झेलनी पड़ रही है।
ग्रामीणों के अनुसार, जल संस्थान ने करीब बीस दिनों तक जलापूर्ति ठप होने के बाद जलापूर्ति बहाल कराई थी, लेकिन मेन पाइप लाइन में किए गए फेरबदल से करीब 105 परिवारों की जलापूर्ति प्रभावित हो गई है। चमराड़ा देवी टैंक से सप्लाई होने के बावजूद चिलपड़ तक पानी नहीं पहुंच पा रहा है। ऐसे में गांववासी पानी की किल्लत झेल रहे हैं।
ग्राम प्रधान अंजना रावत, पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य जगदीश चंद्र आर्य, बेताल सिंह, दयानंद सिंह, लूथा सिंह, प्रताप सिंह, भगवान सिंह, रेखा देवी व बसंती देवी ने बताया कि पेयजल वितरण में की गई गड़बड़ी का खामियाजा गांववालों को भुगतना पड़ रहा है। ग्रामीणों को हफ्ते में तीन दिन ही पानी मिल पा रहा है।
जल संस्थान के जेई जेपी कोटनाला का कहना है कि चिलपड़ गांव में तकनीकी तौर पर वितरण में जो भी खामियां है, उन्हें जल्दी ही दूर किया जाएगा।