ब्यूरो/ऋषिकेश। तपोवन में एक रेजीडेंशियल कांप्लैक्स में संदिग्ध परिस्थितियों में आग लग गई, जिसकी चपेट में उससे सटा होटल भी आ गया। आग लगते ही कांप्लेक्स के लोगों और होटल में ठहरे देसी-विदेशी पर्यटकों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर बामुश्किल काबू पाया। आग से लाखों रुपये का नुकसान होना बताया जा रहा है। हालांकि, दमकल विभाग ने हादसे में किसी व्यक्ति की हताहत होने की पुष्टि नहीं की है।
मंगलवार दोपहर करीब एक बजे तपोवन स्थित इन टू दि अननॉन रेजीडेंशियल कांप्लैक्स की चौथी मंजिल पर बने किचन में अचानक आग लग गई। आग की लपटें और धुआं उठता देख कांप्लैक्स में रहने वाले लोगों व पर्यटकों में हड़कंप मच गया। भीषण आग की लपटों ने इससे सटे होटल बोन फायर को भी चपेट में ले लिया, जिसके बाद होटल में ठहरे देसी-विदेशी पर्यटकों को स्टाफ ने सुरक्षित बाहर निकाला।
आग लगने की सूचना दमकल विभाग को दी गई। ऋषिकेश और नरेंद्रनगर से दमकल विभाग की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची। सुरक्षा के लिहाज से नजदीक के होटल लेजर और दुर्गा पैलेस को भी दमकल कर्मचारियों ने खाली कराया। दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद चार फायर ब्रिगेड वाहनों के माध्यम से आग पर काबू पाया गया। कांप्लैक्स के संचालक रोशन और बोन फायर के अक्षित मित्तल ने बताया कि अभी नुकसान का आंकलन कर पाना मुश्किल है, लेकिन आग से लाखों रुपये कीमत का सामान जल गया है।
होटलों में ठहरे थे 80 विदेशी पर्यटक
ऋषिकेश। मंगलवार को आग लगने के दौरान इन टू दि अननॉन रेजीडेंशियल कांप्लैक्स और होटल बोन फायर में करीब 80 विदेशी पर्यटक ठहरे थे। इनमें 30 पर्यटक बोन फायर होटल में थे। दमकल कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचते ही होटल स्टाफ और देसी-विदेशी पर्यटकों को सुरक्षित बाहर निकाला।
रेजीडेंशियल कांप्लैक्स के संचालक के अनुसार चौथी मंजिल पर बने रेस्टोरेंट के किचन में ऑग्जेस्ट फैन के जरिए आग लगी। आग लगने के सही कारणों का पता लगाया जा रहा है। बताया कि फिलहाल नुकसान का आंकलन नहीं हो पाया है। इस बाबत जानकारी जुटाई जा रही है। हादसे में कोई भी व्यक्ति हताहत नहीं हुआ है।
-- उमा प्रकाश कांति, दमकल अधिकारी, नरेंद्रनगर