श्रीनगर। प्रदेश के उच्च शिक्षा राज्य मंत्री डा. धन सिंह रावत ने कहा कि श्रीनगर को चौरास क्षेत्र से जोड़ने वाले मोटर पुल का शीघ्र उद्घाटन किया जाएगा। मंत्री ने विभागीय अधिकारियों को मोटर पुल पर निर्माण कार्यों को जल्द पुरा करने के निर्देश भी दिए।
बुधवार को प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री डा. धन सिंह रावत ने श्रीनगर-चौरास मोटर पुल के निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। इस मौके पर मंत्री ने लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता सुरेश तोमर व कीर्तिनगर खंड के विभागीय अधिकारियों को समय पर निर्माण कार्य पूरा करने के निर्देेश दिए। कहा कि आपदा में क्षतिग्रस्त चौरास स्टेडियम के निर्माण के लिए प्रयास किया जा रहा है। इसके अलावा उन्होंने कहा कि ऑलवेदर रोड का निर्माण समय पर पूरा किया जाएगा। यात्रा सीजन शुरू होने से पहले मार्ग पर अधिक कार्य पूरा किए जाने का प्रयास किया जा रहा है। मंत्री ने बताया कि 19 मार्च को स्वयं मुख्यमंत्री ऑलवेदर रोड़ के निर्माण कार्यों का जायजा लेने के लिए कार से गैरसैंण पहुंचेंगे। इस दौरान मेडिकल कालेज श्रीनगर में मुख्यमंत्री टेली मेडिसीन योजना का भी शुभारंभ करेंगे। इस मौके पर मंडल अध्यक्ष जितेंद्र रावत, हयात सिंह झिक्वाण, राकेश ध्यानी, विकास कुकरेती, कुशलानाथ, दिनेश चमोली, नितिन घिल्डियाल आदि मौजूद थे।