खुरूडी पौराणिक बिस्सू महोत्सव व खेलकूद प्रतियोगिता का आगाज
ब्यूरो/अमर उजाला/साहिया/चकराता।
खुरूडी पौराणिक बिस्सू महोत्सव व विराट खेलकूद प्रतियोगिता का रविवार को आगाज हो गया। पहले दिन कबड्डी में जूनियर और सीनियर वर्ग में खिलाड़ियों ने दम दिखाया। आज सांस्कृतिक महोत्सव में लोक गायक अपनी प्रस्तुति देंगे।
प्रवेश विकासशील युवा समिति खत विशायल की ओर से चौथे साल आयोजित खुरूडी पौराणिक बिस्सू महोत्सव व विराट खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ खेल समन्वयक रणबीर सिंह तोमर और कबड्डी खिलाड़ी राजेंद्र शर्मा ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। सिली गौथान और डिमऊ के बीच पहला मुकाबला खेला गया। जिसमें 17-12 से सिली गौथान ने जीत दर्ज की। दूसरा मुकाबला दसैऊ और जड़ाना की टीमों के बीच। जिसमें जड़ाना की टीम को दसैऊ ने 25-12 से हराया। वहीं जूनियर वर्ग में सोलह टीमों ने प्रतिभाग किया। समिति अध्यक्ष सुनील शर्मा ने बताया कि सोमवार को सांस्कृतिक महोत्सव में लोक गायक अपने सुरों का जादू बिखेरेंगे। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह, विधायक विनोद कंडारी, आईजी अनंत राम चौहान आदि अतिथियों के तौर पर शिरकत करेंगे। मंगलवार को गनियात पर्व को पौराणिक तरीके से मनाया जायेगा। इसमें कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, प्रकाश पंत और विधायक मुन्ना सिंह चौहान मुख्य अतिथि होंगे। इस दौरान संरक्षक गीता शर्मा, संस्थापक विजय राम शर्मा, बीएस नेगी, धारिया, शांति चौहान, अतर सिंह, भीम दत्त शर्मा, गजेंद्र जोशी, प्रवीण चौहान दिनेश नेगी, मातवर सिंह तोमर आदि मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन भीम सिंह चौहान और दाताराम शर्मा ने किया।