ब्यूरो/अमर उजाला,श्यामपुर।
श्यामपुर न्याय पंचायत क्षेत्र के गांव खदरी खड़कमाफ के ग्रामीणों ने एक अनूठी पहल की है। सामुदायिक भवन के निर्माण में विधायक निधि और जिला पंचायत की रकम कम पड़ने पर ग्रामीणों ने 13 लाख रुपये जमा किए हैं, जिससे गांव के लिए भव्य सामुदायिक भवन का निर्माण किया जाएगा। ग्राम प्रधान सरोप सिंह पुंडीर के मुताबिक गांव में सामुदायिक भवन के निर्माण के लिए विधायक निधि से पांच लाख, जिला पंचायत के माध्यम से ढाई लाख और ग्राम पंचायत के प्रस्ताव पर 14वें वित्त के तहत तीन लाख रुपये की धनराशि ग्रामसभा को मिल चुकी है। जबकि जिला पंचायत से अभी ढाई लाख रुपये और डिमांड की गई है।
बताया कि ग्रामीण चाहते हैं कि सामुदायिक भवन इस लिहाज से बने कि उसमें शादी समारोह भी संपन्न कराएं जा सकें। लिहाजा, ग्रामीणा ने एकजुट होकर 13 लाख रुपये की रकम जमा की है, जिससे अब ग्रामीणों का भव्य सामुदायिक भवन बनाने का सपना साकार हो सकेगा। इसके साथ ग्रामीणों ने और रकम की जरूरत पड़ने पर पंचायत को सहयोग का वायदा भी किया है। बाकायदा, सामुदायिक भवन के निर्माण के लिए ग्रामीणों की समिति देखरेख के लिए गठित की गई है।
फंड जुटाने में इनका रहा खास सहयोग
श्यामपुर। ग्राम प्रधान सरोप सिंह पुंडीर ने बताया कि गांव के चंदन नेगी, राजेंद्र मुंडेपी, सत्य प्रसाद नौटियाल, भोला दत्त कुकरेती, पूर्णानंद रयाल आदि ने गांव के लोगों से संपर्क किया, जिसके बाद खुद भोला दत्त कुकरेती ने 1,25,000 रुपये, पूर्णानंद राय ने एक लाख, दुर्गा मंदिर समिति ने 51 हजार रुपये दिए हैं जबकि ग्रामीणों ने 450 कट्टे सीमेंट और रेत बजरी भी दान की है। पंचायत को आर्थिक मदद के लिए 13 लाख रुपये की रकम जमा कराई जा चुकी है। गांव के ठेकेदारों ने मिस्त्री और मजदूर एक दिन के लिए लेंटर डालने को मुहैया कराए हैं।
इनका भी है विशेष योगदान
श्यामपुर। ग्रामीणों के भव्य सामुदायिक भवन के निर्माण का सपना साकार करने में ग्राम प्रधान सरोप सिंह पुंडीर के अलावा जिला पंचायत सदस्य सुनीता उपाध्याय, उप प्रधान टेक सिंह राणा, क्षेत्र पंचायत सदस्य पवन पांडे, पंचायत सदस्य श्रीकांत रतूड़ी, मगनीलाल रयाल, दिनेश कुलियाल, मुकेश राणा कोटी, दुर्गा मंदिर समिति के सुरेंद्र रयाल, महावीर उपाध्याय आदि का भी अहम योगदान है।