ब्यूरो/अमर उजाला, ऋषिकेश। तीर्थनगरी में बॉलीवुड फिल्म ‘मरने भी दो यारों’ की शूटिंग शुरू हो गई है। रविवार को फिल्म के कई दृश्यों को स्वर्गाश्रम में फिल्माया गया। शूटिंग देखने के लिए दिन भर घाट के आसपास लोगों की भीड़ जुटी रही, जिसे नियंत्रित करने के लिए स्थानीय पुलिस को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। फिल्म में अभिनेता ऋषभ चौहान की मां की भूमिका निभा रही माला चौहान ने बताया कि दो दिवसीय शूटिंग शेड्यूल के तहत परमार्थ निकेतन गंगा घाट पर दृश्य शूट किए जाने हैं।
बताया कि ऋषभ चौहान और किरन कुमार के गंगा आरती में कई दृश्यों को फिल्माए गए। अभिनेता ऋषभ चौहान फिल्म में मुख्य भूमिका में है, जिनका ऑनस्क्रीन नाम राज है। जबकि फिल्म में राज के पिता का किरदार जाने-माने अभिनेता किरन कुमार निभा रहे हैं। माला ने बताया कि शूटिंग लगभग पूरी हो चुकी है। अधिकतर दृश्य यूरोप में फिल्माए गए हैं।
उत्तराखंड में ऋषिकेश, आईआईटी रुड़की और हरिद्वार में फिल्म की कई स्थानों पर शूटिंग की जानी है। बताया कि तीर्थनगरी में रविवार को परमार्थ निकेतन में गंगा घाट पर गंगा आरती का मनमोहक दृश्य फिल्माया गया। वहीं, फिल्म की शूटिंग देखने के लिए तीर्थनगरी घूमने पहुंचे सैलानियों के साथ स्थानीय लोगों की खासी भीड़ जमा हो गई, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और भीड़ को नियंत्रित किया।