- ऊंचाई वाले घरों में नहीं चढ़ रहा पानी
ब्यूरो/अमर उजाला
कालसी। बाजार क्षेत्र में पेयजल लाइन क्षतिग्रस्त होने से घरों में लो प्रेशर की समस्या खड़ी हो गई है। ऊंचाई वाले घरों में पानी नहीं चढ़ पा रहा है। जिससे लोगों को खासा दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं पेयजल लाइन क्षतिग्रस्त होने से पानी सड़क पर बहकर बर्बाद हो रहा है। लोगों की आवाजाही भी प्रभावित हो रही है।
बीते कई दिन से कालसी बाजार तिराह के पास पेयजल लाइन क्षतिग्रस्त पड़ी है। जिससे क्षेत्र में लो प्रेशर का संकट खड़ा हो गया है। स्थानीय विक्की रोहिला, गोपाल सिंह आदि का कहना है कि लो प्रेशर के चलते लोगों की दिनचर्या प्रभावित हो रही है। शिकायत के बाद भी विभागीय अधिकारी क्षतिग्रस्त लाइन की मेंटीनेंस नहीं करा रहे हैं। सुबह से लेकर शाम तक सड़क पर पानी बर्बाद हो रहा है। जिससे लोगों की आवाजाही भी प्रभावित हो रही है। कालसी बाजार में ही तहसील मुख्यालय, पोस्ट ऑफिस, राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, दूरभाष केंद्र, सेवायोजन कार्यालय, राजकीय प्राथमिक विद्यालय और अन्य निजी स्कूल हैं। ऐसे में लो प्रेशर के चलते इन कार्यालयों और स्कूलों में भी पानी की समस्या खड़ी हो रही है। उधर, इस संबंध में जल संस्थान ेके अवर अभियंता जेएस चौहान ने बताया कि शीघ्र ही क्षतिग्रस्त पेयजल लाइन की मरम्मत कर पेयजल आपूर्ति को सुचारु किया जाएगा।