‘ज्योतिष शास्त्र बड़ी चीज है, लेकिन ज्योतिषी भगवान नहीं है। उन्हें यह नहीं कहना चाहिए कि जो कहा वह पत्थर की लकीर है।’ यह कहना है प्रख्यात ज्योतिषी बेजन दारूवाला का।
बुधवार को फोन पर हुई बातचीत में यह बातें उन्होंने अमर उजाला से शेयर की। देहरादून में होने वाले ज्योतिष महाकुंभ में वह विशेष अतिथि हैं और इस कार्यक्रम में उन्हें लाइफ टाइम एचीवमेंट अवार्ड से सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने ज्योतिष महाकुंभ के आयोजन के लिए अमर उजाला और उनके सहयोगियों को अग्रिम बधाई दी है।
बेजन दारूवाला भगवान गणेश के भक्त होने के साथ एशिया में सबसे ज्यादा पढ़े जाने वाले एस्ट्रोलॉजी स्तंभकार हैं। इसके साथ ही बेजनजी वैदिक और पश्चिमी ज्योतिष सिद्धांत तथा आई-चिंग, टैरोट, अंकशास्त्र, काबाला और हस्त रेखा शास्त्र के सिद्धांतों को मिलाकर संयुक्त भविष्यवाणी करने के लिए जाने जाते हैं। इन सभी शास्त्रों का सही संयोजन उनकी भविष्यवाणियों को अचूक तथा प्रासंगिक बनाता है।
इससे भी ज्यादा इन्हें सहज ज्ञान और अपनी अंतरात्मा की आवाज समझने की शक्ति ईश्वर से आशीर्वाद में प्राप्त है। बेजन जी का जन्म 11 जुलाई 1931 को हुआ था। फोन पर हुई बातचीत में उन्होंने बताया कि यह जमाना एस्ट्रोलॉजी का नहीं बल्कि मानव शास्त्र और टेक्नोलॉजी का है। हवाई जहाज एस्ट्रोलॉजी के हिसाब से नहीं बल्कि कंप्यूटर तकनीक के माध्यम से उड़ता है।
ज्योतिष विद्या मानने के लिए किसी को बाध्य नहीं किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि ज्योतिषी मार्गदर्शन दे सकते हैं, आपकी तबियत, खुशी के बारे में बता सकते हैं। मदद कर सकते हैं, लेकिन उनका यह कहना कि ज्योतिष के अलावा कुछ नहीं है, यह पूरी तरह से गलत है।
इस विद्या को कोई माने या न माने उसकी इच्छा पर निर्भर होता है। उन्होंने कहा कि सभी को ओपन माइंड रखना चाहिए, दूसरे को सुनना चाहिए। हो सके तो सभी के बीच प्यार बांटो, ज्योतिष का यही मूल मंत्र है। उन्होंने कहा कि वह पूर्व प्रधानमंत्री मोरारजी देसाई और नरेंद्र मोदी सभी से मिले हैं। मोदी में काफी क्षमता है। उन्होंने कहा कि पूरी दुनिया में चल रही अस्थिरता के समाप्त होने का समय निकट है।
समय, सवाल का रखें ख्याल
अमर उजाला ज्योतिष महाकुंभ के लिए भारी संख्या में पंजीकरण हो रहे हैं। ऐसे में एक व्यक्ति को एक ज्योतिष से मिलने के लिए पांच मिनट का ही वक्त मिल पाएगा। लिहाजा, यह जरूरी है कि अगर किसी ज्योतिष से मिलना है तो अपनी कुंडली तैयार करके लाएं। अगर वास्तुविद् से मिलना है तो घर या ऑफिस का नक्शा पहले से साथ लेकर आएं। यह भी ध्यान रखें कि जो सवाल ज्योतिष, वास्तुविद् या टैरो कार्ड रीडर से पूछना है, उसकी तैयारी करके लाएं। अनावश्यक समय की बर्बादी से बचें।
जुटेंगे सेलिब्रिटी ज्योतिष
अंतर्राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त गनेशा स्पीक्स फेम ज्योतिष बेजन दारूवाला, उनके पुत्र नस्तूर दारूवाला, इंडियन काउंसिल ऑफ एस्ट्रोलॉजिकल साइंस चेन्नई के नेशनल वाइस प्रेसीडेंट और ख्याति प्राप्त वास्तुविद पंडित सतीश शर्मा, अखिल भारतीय ज्योतिष परिषद के अध्यक्ष पंडित केए दूबे पद्मेश, अमर उजाला के राशिफल कॉलम के कॉलमिस्ट पंडित विनोद त्यागी, ज्योतिष पत्रिका ज्योतिष मंथन की संपादिका ज्योतिर्विद पदमा शर्मा, दिल्ली से गुडलक गुरू, एस्ट्रो अंक फेम सेलिब्रिटी एस्ट्रोलॉजर पवन सिन्हा, स्टाइलिश सेलिब्रिटी फैमिली गुरु फेम डॉ. जय मदान, सेलिब्रिटी एस्ट्रोलॉजर शिवानी खेतान, जयपुर की प्रसिद्ध एस्ट्रोलॉजर मशहूर टैरो कार्ड रीडर मां त्रिशला, हिमाचल प्रदेश से पंडित लेखराज शर्मा, प. बंगाल से ज्योतिषाचार्य प्रो. पीआर हालदार, डा. लावण्या चक्रवर्ती अपने ढंग से अनूठे पाद रेखा विशेषज्ञ गीतानंद सरस्वती, मध्य प्रदेश के आचार्य राजेश जैसे 100 से अधिक ज्योतिष महाकुंभ में शामिल होंगे।
जल्द कराएं पंजीकरण
ज्योतिष महाकुंभ में शामिल होने के लिए पंजीकरण प्रक्रिया जारी है। अमर उजाला कार्यालय और ग्राफिक एरा विश्वविद्यालय में सुबह दस बजे से पंजीकरण हो रहा है। अमर उजाला कार्यालय के ठीक बाहर कैनोपी लगाई गई है। यहां रजिस्ट्रेशन कराया जा सकता है।
ज्योतिष महाकुंभ
ज्योतिष महाकुंभ अमर उजाला, ग्राफिक एरा विवि और पीआईवीएस का संयुक्त आयोजन है। इस कार्यक्रम में विशिष्ट सहयोगी जीटीएम बिल्डर एंड प्रमोटर्स, होटल सैफ्रॉन, विंडलास रीवर वैली और पनाष वैली हैं। इसके अलावा एलसी होटल भी सहयोगी की भूमिका में है। होटल के एमडी योगेंद्र अग्रवाल ने अमर उजाला की इस पहल को सराहा और कहा कि इस तरह के आयोजन से प्रदेश में पर्यटन को लाभ पहुंचता है।