ग्रीष्मकाल के लिए सोमवार को ब्रह्म मुहूर्त में सुबह 4 बजकर 5 मिनट पर भगवान बदरीविशाल के कपाट खुले। कपाटोद्घाटन के मौके पर करीब 5 हजार श्रद्धालुओं ने अखंड ज्योति और बदरीविशाल के दर्शन किए।
रविवार को पांडुकेश्वर के योग ध्यान मंदिर से बदरीनाथ के नवनियुक्त रावल ईश्वरन नंबूदरी और धर्माधिकारी भुवन चंद्र उनियाल की अगुवाई में भगवान उद्धव की डोली, शंकराचार्य की गद्दी और तेल कलश यात्रा (गाडू घड़ी) दोपहर 12 बजकर 27 मिनट पर बदरीनाथ धाम पहुंच गई थी।
श्रद्धालुओं ने रावल, शंकराचार्य गद्दीस्थल और गाडू घड़ी का फूल-मालाओं और बदरी विशाल के जयकारों के साथ स्वागत किया।
वहीं बदरीनाथ धाम में देश-विदेश के तीर्थयात्रियों के पहुंचने के साथ ही चहल-पहल बढ़ने लगी है। सोमवार को कपाट खुलने के साथ ही बदरीनाथ धाम की यात्रा शुरू हो गई।
विज्ञापन
धाम में होंगे पांच हजार तीर्थयात्री
बदरीनाथ धाम में अखंड ज्योति के दर्शन के लिए करीब पांच हजार तीर्थयात्रियों के पहुंचने की उम्मीद है। धाम में रविवार शाम तक करीब दो हजार तीर्थयात्री पहुंच गए थे।
धाम फूलों से सज गया है। संपूर्ण बदरीशपुरी तीर्थयात्रियों के जय बदरीविशाल के जयकारों से गुंजायमान हो रही है। धाम में तीर्थयात्रियों के आने का सिलसिला शुरू हो गया है।
बीते वर्ष की आपदा के बाद भी तीर्थयात्री आस्था, आत्मविश्वास और उत्साह से भरे हैं। धाम चारों ओर से फूलों से सज गया है। मंदिर मार्ग पर भी गेंदे के फूलों की सजावट की गई है।
नरेंद्र सिंह नेगी के भजनों पर झूमेंगे भक्त
बताया जा रहा है कि धाम के कपाट खुलने पर धाम में करीब पांच हजार तीर्थयात्री मौजूद रहेंगे। कपाट खुलने के दौरान गढ़वाल स्काउट की बैंड धुनों से धाम गूंजेगा।
बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के मुख्य कार्याधिकारी बीडी सिंह ने बताया कि धाम में लोक गायक नरेंद्र सिंह नेगी और कीर्तन मंडली की महिलाएं कीर्तन-भजन करेंगी।
संस्कृत महाविद्यालय जोशीमठ और मंडल (गोपेश्वर) के छात्रों की ओर से सिंह द्वार के दोनों ओर स्वस्तिवाचन और मंगलाचरण का पाठ किया जाएगा।
आएंगे राज्यपाल और अनिल अंबानी
धाम के कपाटोद्घाटन पर उत्तराखंड के राज्यपाल अजीज कुरैशी और प्रसिद्ध उद्योगपति अनिल अंबानी के पहुंचने की सूचना है।
पुलिस प्रशासन और एलआईयू की टीम सुरक्षा व्यवस्था में लगे हुए हैं। जिला सूचना विभाग के अधिकारियों के अनुसार राज्यपाल सुबह 10 बजे धाम में हेलीकॉप्टर से पहुंचेंगे।
धाम में लॉज, होटल तैयार बदरीनाथ मंदिर के इर्द-गिर्द प्रसाद और धार्मिक पुस्तकों की दुकानें सज गई हैं। होटल, लॉज और रेस्टोरेंट भी तीर्थयात्रियों की आवभगत के लिए तैयार हैं। धाम में करीब 800 साधु-संत भी पहुंचे हुए हैं, जो मंदिर परिसर से लेकर मंदिर गली में विष्णु सहस्रनाम पाठ करने में लगे हुए हैं।
यह है कपाटोद्घाटन का कार्यक्रम
सुबह 4 बजकर पांच मिनट -------- कपाटोद्घाटन सुबह 11 बजे से 2 बजे तक ------- महाभिषेक पूजा
अपराह्न दो से तीन बजे तक ------- बदरीनाथ भगवान का भोग लगेगा तीन से आठ बजे रात तक -------- तीर्थयात्री दर्शन करेंगे रात्रि नौ बजे --------------------- बदरीनाथ की शयन आरती