रायवाला थाना क्षेत्र में गड्ढे की चपेट में आकर सड़क पर गिरे एक बाइक सवार युवक को सीमेंट से लदे ट्रक ने कुचल दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव कब्जे में ले लिया है। हादसे से परिजनों में कोहराम मच गया।
बुधवार पूर्वाह्न बाइक सवार अंकुर सिंह (25) पुत्र राजपाल सिंह निवासी निकट ईदगाह, यमुना कालोनी, देहरादून हरिपुरकलां से आईडीपीएल आ रहा था। इसी बीच वैदिक नगर क्षेत्र में मिड-वे रेस्टोरेंट के सामने हाईवे पर बने गड्ढे की चपेट में आकर अंकुर बाइक से छिटककर सड़क पर जा गिरा। तभी पीछे से तेज रफ्तार ट्रक ने उसे रौंद डाला।
सूचना पर पुलिस ने लहूलुहान हालत में 108 सेवा से ऋषिकेश सरकारी अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने बताया कि हादसे के बाद चालक ट्रक छोड़कर फरार हो गया। सीमेंट से लदे ट्रक को कब्जे में ले लिया है। मामले में तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
दिसंबर में होनी थी शादी
दून से सरकारी अस्पताल पहुंचे परिजन अंकुर का शव देखकर बिलख पड़े। पिता ने किसी तरह खुद को संभाला, लेकिन मां का रो-रोकर बुरा हाल था। रोती बिलखती मां ने बताया कि अंकुर की दिसंबर में शादी तय थी, पर वह सेहरा सजने से पहले ही हमें छोड़कर चला गया। अब बहू कैसे लेकर आऊंगी। पोता पोती को गोदी में खिलाने के सपने संजाए थे। हृदय विदारक दृश्य से आसपास खड़े लोगों के भी आंसू छलक पड़े।
एक महीने पहले खोला था साइबर कैफे
पारिवारिक सूत्रों के मुताबिक अंकुर ने 11 अगस्त को हरिपुरकलां में शांतिकुंज के पास साइबर कैफे और रेस्तरां खोला था। परिजनों ने बैंक से लोन लेकर उसके लिए हरिपुरकलां में ही एक फ्लैट भी खरीद रखा था। अंकुर का छोटा भाई एमबीए कर रहा है। ऊर्जा निगम में कार्यरत पिता राजपाल सिंह ईसी रोड स्थित दफ्तर में तैनात हैं।
हाईवे पर कार की टक्कर, दो घायल
हाईवे पर तेज रफ्तार कार की चपेट में आकर बाइक सवार दो युवक घायल हो गए। घायलों को सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के मुताबिक दुर्घटना के बाद फरार हो रहे चालक को कार समेत दबोच लिया।
बुधवार अपराह्न बाइक सवार संदीप रावत (25) पुत्र अवतार सिंह निवासी मालवीय नगर अपने भाई संजय रावत के साथ आईडीपीएल स्थित गैस एजेंसी से सिलेंडर लेकर लौट रहा था।
इसी बीच हरिद्वार हाईवे पर दुर्गा मंदिर के समीप पीछे से आ रही तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। टक्कर लगते दोनों भाई सड़क पर जा गिरे और गंभीर घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसे के बाद कार समेेत फरार हुए चालक को पुलिस ने पशुलोक विस्थापित क्षेत्र से धर दबोचा। आईडीपीएल चौकी इंचार्ज संदीप कुमार ने बताया कि देर शाम दोनों पक्षों में समझौता होने पर चालक को छोड़ दिया।