केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) के दसवीं के परिणाम जारी होने के बाद जो छात्र अपने ग्रेड से संतुष्ट नहीं हैं, वह ग्रेड वेरिफिकेशन करा सकते हैं।
सीबीएसई ने इसके लिए ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि सात जून तय की है। इसके अलावा छात्र अपनी उत्तर पुस्तिका की फोटोकॉपी भी ले सकता है, जिसके लिए आवेदन शुरू की तिथि 14 जून तय की गई है। केवल वही छात्र अपनी उत्तर पुस्तिका की फोटोकॉपी ले सकेंगे, जिन्होंने ग्रेड वेरिफिकेशन को आवेदन किया होगा।
ग्रेड वेरिफिकेशन को 300 रुपये शुल्क
सीबीएसई के मुताबिक जो छात्र ग्रेड वेरिफिकेशन कराना चाहते हैं, वह सात जून तक बोर्ड की वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए उन्हें प्रति विषय 300 रुपये देने होंगे। शुल्क ई चालान से जमा कराने की अंतिम तिथि दस जून तय की हुई है।
ग्रेड वेरिफिकेशन का रिजल्ट अपडेट होने के बाद बोर्ड की वेबसाइट पर ही अपलोड किया जाएगा। ग्रेड में अगर कोई बदलाव हुआ तो इसका औपचारिक पत्र भी छात्र को भेजा जाएगा। बोर्ड ने यह भी साफ कर दिया है कि सूचना का अधिकार अधिनियम के तहत कोई भी ग्रेड वेरिफिकेशन की रिक्वेस्ट नहीं मानी जाएगी।
उत्तर पुस्तिका की फोटोकॉपी को 500 रुपये शुल्क
जो छात्र ग्रेड वेरिफिकेशन के लिए आवेदन करेंगे, वह अपनी उत्तर पुस्तिका की फोटोकॉपी भी बोर्ड से ले सकते हैं। इसके लिए बोर्ड ने प्रति विषय 500 रुपये शुल्क तय किया है जो कि ई चालान से जमा किया जा सकता है। बोर्ड ने उत्तर पुस्तिका फोटोकॉपी आवेदन की तिथि 14 जून से 18 जून तय की है।
ई चालान से शुल्क 21 जून तक जमा किया जा सकता है। इसके लिए छात्र को वेबसाइट पर दिया गया एक घोषणा पत्र भरना होगा और साथ में अपने एडमिट कार्ड की फोटोकॉपी भी अपलोड करनी होगी। आवेदन के 30 दिन के भीतर बोर्ड का रीजनल ऑफिस फोटोकॉपी उपलब्ध कराएगा। यह भी शर्त रखी गई है कि छात्र इस उत्तर पुस्तिका का इस्तेमाल किसी संस्था, स्कूल या मीडिया में नहीं करेगा।