हाल ही में हरिद्वार में हुए कंबल कारोबारी के हाईप्रोफाइल मर्डर के राज से अब जल्द ही पर्दा उठने वाला है। पुलिस को इस मामले में कई अहम सुराग हाथ लगे हैं।
अमित दीक्षित उर्फ गोल्डी हत्याकांड में हाथ लगे सुराग के बारे में हालांकि पुलिस अधिकारी सार्वजनिक तौर पर कुछ बोलने को तैयार नहीं है। माना जा रहा है कि जल्द ही इस हाईप्रोफाइल हत्याकांड के राज से पर्दा उठाया दिया जाएगा।
निर्मला छावनी निवासी कंबल कारोबारी अमित उर्फ गोल्डी की उस वक्त गोलियों से भूनकर हत्या कर दी गई थी जब वे घर से दुकान जाने के लिए निकले थे। घर से कुछ दूरी पर ही तीन की संख्या में रहे मोटरसाइकिल सवार शूटरों ने उनकी हत्या कर फरार हो गए थे। इस हत्याकांड से हरिद्वार के व्यापारियों में आक्रोश है।
इधर, केस के खुलासे के लिए हाथ पांव पटक रही पुलिस का फोकस संपत्ति विवाद पर ही आकर ठहरा था। इधर, हत्याकांड का खुलासा न होने पर व्यापारी वर्ग में रोष बना हुआ है। लेकिन अब हाईप्रोफाइल हत्याकांड के खुलासे के लिए दिशा मिल गई है। पुलिस की कई टीमें उस दिशा में आगे बढ़ भी गई है। कुछ संदिग्ध चिह्नित भी कर लिए गए हैं। पुलिस को पूरी उम्मीद है कि हत्याकांड के राज से जल्द पर्दा उठ जाएगा।
पुलिस टीमों ने वेस्ट यूपी, दिल्ली और मुंबई में डेरा डाला हुआ है। हत्याकांड के तार संपत्ति से ही जुड़े हैं, ऐसी प्रबल आशंका है। हालांकि पुलिस अधिकारी इस बारे में सीधे- सीधे कुछ भी बोलने से बच रहे हैं। नगर पुलिस अधीक्षक परमेंद्र डोबाल ने पूछने पर इतना बताया कि हत्याकांड की जांच चल रही है। पुलिस हर पहलू पर जांच में जुटी है। कुछ क्लू मिले हैं, उन पर पुलिस कार्य करने में जुटी है।