दुगड्डा पुलिस ने चार युवकों से करीब साढ़े पांच लाख रुपये की कीमत का 86.2 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। चारों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में केस दर्ज कर लिया गया है।
पुलिस ने उन्हें यहां सिमलचौड़ कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में पौड़ी जेल भेज दिया है। पुलिस क्षेत्राधिकारी जेआर जोशी ने शुक्रवार को कोतवाली में आयोजित पत्रकार वार्ता में इसकी जानकारी दी है। बताया कि बृहस्पतिवार शाम को पुलिस दुगड्डा चैक पोस्ट पर नियमित रुप से वाहनों का चैकिंग कर रही थी। इस दौरान सतपुली से कोटद्वार आ रहे एक वाहन को रोका गया तो पीछे की सीट पर बैठे दो युवक भागने का प्रयास करने लगे।
पुलिस टीम ने उनका पीछाकर कुछ ही दूरी पर पकड़ लिया, जबकि उनके साथी दो युवक वाहन में ही बैठे रहे। पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की तो उन्होंने आठ कट्टों में 86.2 किलोग्राम अवैध गांजा लाने की बात कही। पुलिस चारों युवकों को गिरफ्तार कर कोतवाली ले आई। पूछताछ में युवकों ने बताया कि यह गांजा वह थलीसैंण क्षेत्र के उफरैंखाल से लाए हैं और मुरादाबाद में बेचने के लिए ले जा रहे थे। वाहन चालक ने पूछताछ में बताया कि चारों युवक उनके वाहन में सतपुली से बैठे हैं।
उनकी पहचान ओमवीर चौधरी पुत्र बहुरन सिंह चौधरी, जगपाल सिंह चौधरी पुत्र स्व. राम सिंह चौधरी दोनों निवासी अडोला मदापुर भारतल थाना नकाला जिला संभल यूपी, बहादुर सैनी पुत्र रूप किशोर सैनी और सोनू सैनी पुत्र हरिओम सैनी दोनों निवासी हरतल्ला थाना सिविल लाइन मुरादाबाद के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार चारों युवक गांजा तस्करी में शामिल हैं। पकड़े गए अवैध गांजा की कीमत लगभग साढ़े पांच लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस ने चारों के खिलाफ एनडीपीएस का मामला दर्ज कर लिया है।
शुक्रवार सुबह आरोपी चारों युवकों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जिला कारागार पौड़ी भेज दिया। गांजा तस्करों को दबोचने वाली पुलिस टीम में कोतवाल यूएस जिमिवाल, दुगड्डा चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक खजान सिंह, कांस्टेबल अरविंद तोमर, महेंद्र कुमार, अनुज कुमार, भाव सिंह, आनंद प्रकाश शामिल थे।