उत्तराखंड में रविवार सुबह से ही मौसम का मिजाज पूरी तरह बदला रहा। पहाड़ के निचले इलाकों में दिन में रुक-रुक कर घंटों बारिश हुई तो चोटियों पर अच्छी-खासी बर्फ गिरी।
बारिश-बर्फबारी के चलते पहाड़ में अप्रैल के महीने में भी ठंड लौट आई। मौसम विभाग के निदेशक डा. आनंद शर्मा के मुताबिक सोमवार को भी बादलों की आवाजाही बनी रहेगी। पहाड़ी इलाकों में बारिश हो सकती है।
पहाड़ों पर बर्फबारी
रुद्रप्रयाग, उत्तरकाशी, चमोली जिले में सुबह से बारिश शुरू हो गई थी। केदारनाथ, बदरीनाथ, हेमकुंड साहिब, समेत अन्य चोटियों पर जमकर बर्फबारी हुई।
केदारनाथ पैदल मार्ग पर भीमबलि तक बर्फ गिरी। हर्षिल, गंगोत्री घाटी की ऊंची पहाड़ियों पर भी दिन में देर तक बर्फबारी हुई। बारिश-बर्फबारी के चलते दिन के तापमान में उत्तरकाशी में दस डिग्री तक की गिरावट आई।
मसूरी में भी रिमझिम बारिश
पहाड़ों की रानी मसूरी में भी रविवार सुबह से ही रिमझिम बारिश होती रही। दिन में तीन बजे के बाद बारिश थमी। यहां भी ठंड से बचने के लिए लोग गरम कपड़ों में नजर आए।
देहरादून, हरिद्वार में सुबह हल्की तो टिहरी, पौड़ी जिले में झमाझम बारिश हुई। पौड़ी में रविवार को न्यूनतम आठ और अधिकतम तापमान 13 डिग्री दर्ज किया गया।
श्रीनगर में भी तापमान गिरा
श्रीनगर (गढ़वाल) में शनिवार को दिन में साढे़ 3 बजे शहर का तापमान 29.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। रविवार को इसी समय तापमान 15.4 डिग्री सेल्सियस रहा।
पिथौरागढ़ में सुबह से ही रुक रुककर बारिश और चोटियों पर हिमपात हुआ। कैलास यात्रा मार्ग फिर बर्फ से पट गया है।