एप डाउनलोड करें
विज्ञापन

एक ही दिन तीन सड़क हादसों से दहला उत्तराखंड

ब्यूरो / अमर उजाला, द्वाराहाट Updated Tue, 27 May 2014 11:51 AM IST
विज्ञापन
विज्ञापन

Next Article

सोमवार का दिन उत्तराखंड को हादसों से दहला गया। एक ही दिन में हुए तीन हादसों में तीन लोगों की मौत हो गई व दो दर्जन से अधिक लोग घायल हुए।
विज्ञापन
विज्ञापन


द्वाराहाट के गनाई से दिल्ली जा रही रोडवेज बस के सोमवार को द्वाराहाट स्टेशन से 200 मीटर दूर ब्रेक फेल हो गए।

तीव्र ढलान में बस की स्पीड बढ़ने से उसमें सवार 40 यात्री घबराकर चिल्लाने लगे। 5 यात्री तो अफरा-तफरी में बस से कूद गए। इन्हें मामूली चोटें आईं हैं।

चालक ने हिम्मत दिखाते हुए सड़क से ऊंचाई की तरफ बनी नगर पंचायत की पार्किंग की ओर बस मोड़ दी, जिससे यात्रियों की जान बच गई।

रानीखेत डिपो की रोडवेज बस यूके-07-पीए-1254 दिल्ली के लिए रवाना हुई थी। द्वाराहाट स्टेशन में यात्रियों के बैठने के बाद अपराह्न करीब 1:30 बजे जब चालक सुरेश चंद्र जोशी ने बस को स्टार्ट किया तो उसमें कुछ तकनीकी खराबी आ गई थी।

जिसे ठीक कर फिर चालक ने बस आगे बढ़ाई पर करीब 200 मीटर आगे जाने पर तीव्र ढलान में बस की स्पीड तेज हो गई।

मदद के लिए चिल्लाने लगे यात्री

ब्रेक फेल होने का पता चलने पर यात्री मदद के लिए चिल्लाने लगे। नगर पंचायत की पार्किंग के पास जब बस रुकी तो यात्रियों ने राहत की सांस ली।

बस में सवार अवतार सिंह (गढ़वाल), गुंजन उपाध्याय (बमनपुरी), बसंत बल्लभ, देवराम (मल्ली मिरई) और विपिन त्रिपाठी (घगलोड़ी) ने जान बचाने के प्रयास में खिड़की से बाहर छलांग लगा दी।

इस कारण इन्हें हल्की चोटें आई हैं। पांचों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।

नगर के व्यस्त इलाके से गुजर रही तेज रफ्तार बस काबू करने के दौरान सड़क और पार्किंग में खड़ी एक सेंट्रो, ईको और ऑल्टो कार को भी हल्का नुकसान हुआ है।

यात्रियों ने चालक की हिम्मत की सराहना की। इधर, चालक ने बताया कि बस का प्रेशर पाइप फट जाने से ब्रेक फेल हो गया था।

खाई में गिरी कार, दंपति समेत तीन की मौत

अल्मोड़ा के जागेश्वर मंदिर में पूजा करके लौट रहे लोगों की कार गंगोलीहाट से 30 किमी दूर नाली के पास 300 मीटर खाई में गिर गई।

इससे कार दंपति समेत तीन की मौत हो गई जबकि दो लोग घायल हो गए।

पुलिस के मुताबिक हादसे में गंगोलीहाट तहसील के पोखरी भेरंग निवासी जगदीश चंद्र जोशी (55) पुत्र नित्यानंद जोशी, जगदीश की पत्नी गीता जोशी (47), कमला देवी (42) पत्नी विद्यासागर जोशी की मौके पर ही मौत हो गई।

कार चालक चंद्रेश पंत (30) पुत्र हरीश चंद्र पंत निवासी अग्रोन, दीक्षा जोशी (26) पुत्री जगदीश जोशी (पोखरी) गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों को वहां से गुजर रहे जल संस्थान के जेई प्रशांत वर्मा और अन्य ने खाई से निकाला और जेई अपने वाहन में उन्हें जिला अस्पताल लेकर आए।

हादसे की सूचना पर इंचार्ज एमए खान, राजस्व उपनिरीक्षक प्रयाग दत्त अवस्थी, एसआई पनी राम पंतोला, कांस्टेबल इंदर भाकुनी मौके पर पहुंच गए।

तेज रफ्तार बस पलटी, 22 यात्री घायल

चालक की लापरवाही और सड़क निर्माण की सुस्त गति के कारण यात्रियों की जान पर बन आई।

सहसपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत शिमला बाईपास पर तेज रफ्तार बस मेदनीपुर के समीप सड़क के बीचोंबीच पलट गई, जिससे बस में सवार 22 लोग घायल हो गए।

हालत गंभीर होने पर तीन महिलाओं को हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। दुर्घटना से गुस्साए लोगों ने वाहनों की रफ्तार पर अंकुश लगाने और सड़क निर्माण की सुस्ती पर लोनिवि के खिलाफ प्रदर्शन कर जाम लगाया।

पुलिस और तहसील प्रशासन ने समझा बुझाकर जाम खुलवाया।

मौके पर मच गई चीखपुकार

देहरादून से विकासनगर आ रही बस मेदनीपुर के समीप सड़क पर पलट गई। बस में करीब 30-35 लोग सवार थे।

मौके पर चीखपुकार मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बस की स्पीड तेज थी और अधूरे निर्माण के कारण सड़क कच्ची होने से चालक नियंत्रण खो बैठा और दुर्घटना हो गई।

सूचना पर एसओ यशपाल बिष्ट और आसपास की चौकियों की फोर्स मौके पर पहुंची। जाम लगा रहे लोगों को तहसीलदार प्रेमलाल ने लोगों को समझा बुझाकर शांत कराया।

घायलों को हरबर्टपुर के लेहमन अस्पताल ले जाया गया।

जहां प्राथमिक उपचार के बाद पुष्पा देवी (35) पत्नी काकाराम निवासी भगानी, हिमाचल प्रदेश, सुनीता (48) देवी पत्नी राजपाल और महेंद्रो (60) पत्नी ओमप्रकाश दोनों निवासी कुंजा पारुली, हिमाचल प्रदेश को हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।

थानाध्यक्ष ने बताया बस को कब्जे में ले लिया है। तहरीर आने पर कार्रवाई की जाएगी।

घायलों की सूची

इसरा देवी पत्नी मदन सिंह, रत्तो देवी पत्नी मिठ्ठन सिंह, अनीता पत्नी सोमराज सभी निवासी भगानी पांवटा साहिब हिमाचल प्रदेश, शारदा देवी पत्नी भूपेंद्र पाल निवासी कुंजा पारूली पांवटा साहिब, चित्ता देवी पत्नी अगूर सिंह निवासी तिपरपुर, अगूर सिंह पुत्र चापल सिंह निवासी तिपरपुर, शिव शंकर पुत्र राम स्वरूप निवासी डाकपत्थर, नजरीन पत्नी इसफाक अली, फिरोज पुत्र सरवर, इसरत पत्नी महफूज अली, साहिल पुत्र साजिद, शाहरून पुत्र मेहफूज अली सभी निवासी सहारनपुर, यूपी, शिक्षा पत्नी हरि कुमार निवासी कुंजा मतरालियोन पावंटा साहिब, बलिया पत्नी रामशरण, चंद्रवती पत्नी हरिचरण दोनों निवासी सभावाला, प्रेमवत्ती पत्नी हेमराज, दीन मोहम्मद, प्रेमा पत्नी पूरण सिंह तीनों निवासी डाक्टरगंज विकासनगर, शारदा देवी पत्नी भूपेंद्र पाल निवासी पावंटा घायल हो गए।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
एप में पढ़ें