उत्तराखंड पॉवर कॉरपोरेशन लिमिटेड (यूपीसीएल) रुड़की के लाठरदेवा और देघाट (भिकियासैंण, चमोली) में नये विद्युत उपकेंद्र बनाएगा। इससे क्षेत्र में लो वोल्टेज और बिजली कटौती की समस्या से काफी कुछ निजात मिलेगी। यूपीसीएल के निदेशक मंडल ने इसके लिए स्वीकृति दे दी है। दोनों उपकेंद्रों पर लगभग 10.38 करोड़ रुपये खर्च होंगे।
बृहस्पतिवार को यूपीसीएल मुख्यालय में हुई निदेशक मंडल की बैठक में उत्तरकाशी के सांकरी में निर्माणाधीन तीन एमवीए विद्युत उपकेंद्र की क्षमता बढ़ाने पर भी सहमति बनी। निदेशक (परियोजना) ने बैठक में बताया कि झाझरा, दूरदर्शन केंद्र देहरादून, पिरान कलियर हरिद्वार, मंगलौर और जसपुर उपकेंद्र शीघ्र ऊर्जीकृत कर दिए जाएंगे।
दीनदयाल ग्राम ज्योति योजना के अंतर्गत प्रस्तावित 82 ग्रामों में छह ग्रामों का विद्युतीकरण का कार्य पूर्ण कर लिया गया है। दिसंबर 2016 तक 35 ग्रामों के विद्युतीकरण का लक्ष्य है। इसके अलावा एलटी इंडस्ट्री के उपभोक्ताओं के लिये जारी विलंब भुगतान सरचार्ज की योजना का निदेशक मंडल द्वारा अनुमोदन किया गया और इसे आगे न बढ़ाये जाने का प्रस्ताव भी पास हुआ।
उल्लेखनीय है कि इस योजना की अंतिम तारीख 30 सितंबर 2016 है। बैठक में प्रमुख सचिव ऊर्जा उमाकांत पंवार, अपर सचिव (ऊर्जा) ज्योति नीरज खैरवाल, यूपीसीएल के एमडी एसएस यादव, स्वतंत्र जेएल बजाज, अब्दुल शामी, निदेशक एमके जैन, एमए खान, एके अग्रवाल, पीसी ध्यानी और कंपनी सचिव आरजे मलिक आदि रहे।