सिकंदराबाद। कोतवाली क्षेत्र के गुलावठी रोड के एक मैरेज होम में शादी समारोह के दौरान कॉफी मशीन फट गई। इस दौरान रामलालगढ़ी गांव निवासी एक चाचा और भतीजे उसकी चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गए।वहां मौजूद लोगों ने दोनों को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां डॉक्टरों ने बालक को मृत घोषित कर दिया। वहीं, चाचा की हालत गंभीर बनी हुई है।
सिकंदराबाद निवासी एक व्यक्ति की पुत्री की शादी का कार्यक्रम गुलावठी रोड स्थित एक मैरेज होम में चल रहा था। कार्यक्रम में क्षेत्र के ही गांव रामलालगढ़ी निवासी प्रिंस (12) पुत्र ओमप्रकाश अपने चाचा शेर सिंह और प्रदीप के साथ आया हुआ था। बताया गया कि तीनों लोग जब कॉफी मशीन के पास खड़े हुए थे तो अचानक कॉफी मशीन धमाके के साथ फट गई। जिसकी चपेट में आने से प्रिंस और उसका चाचा प्रदीप गंभीर रूप से झुलस गए। मौके पर मौजूद लोगों ने दोनों को नगर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां डॉक्टरों ने प्रिंस को मृत घोषित कर दिया। वहीं, प्रदीप की हालत गंभीर बताई जा रही है। वहीं, बालक की मौत के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। उधर, घटना की सूचना पर मौके पर कोतवाली प्रभारी दीक्षित कुमार त्यागी पुलिस बल साथ पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली। उन्होंने बताया कि शव परिजन घर ले गए हैं। अभी पोस्टमार्टम के लिए नहीं भेजा जा सका है। मामले की शिकायत मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।