गोयल आज इमामों का वेतन बढ़ाने की खोलेंगे पोल
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। केंद्रीय मंत्री विजय गोयल दिल्ली के जंतर मंतर पर बुधवार को ढोल आंदोलन के तहत दिल्ली के मुख्यमंत्री के खिलाफ धरना देंगे। भाजपा के राष्ट्रीय सचिव आरपी सिंह भी धरने में शामिल होंगे। चुनाव के पहले इमामों का वेतन बढ़ाए जाने का पोल भाजपा नेता खोलेंगे।
विजय गोयल का कहना है कि आम चुनावों की घोषणा से ठीक एक महीने पहले इमामों और मुअज्जिन के वेतन बढ़ने की घोषणा करना एक राजनीतिक दाव है। आम आदमी पार्टी समाज को बांटने की राजनीति कर रहा है। दिल्ली वक्फ बोर्ड के चेयरमैन अमानतुल्लाह खान ने हाल ही में अचानक वक्फ बोर्ड के आगे सब इमामों को इकठ्ठा किया और इमामों की सैलरी बढ़ाने की घोषणा कर दी। इस तरह से तुष्टिकरण की राजनीति आप कर रही है। सरकार दिल्ली की जनता के पैसे का दुरुपयोग करने वाली है। जब बनियों और पूर्वांचलियों को भड़काने में विफल रहे तो उन्होंने धर्म के नाम पर जहर भरना शुरू कर दिया है। पूरी दिल्ली में इसका ढोल बजाया जाएगा कि कैसे पहले कांग्रेस और अब आप मुस्लिम के वोटों को खरीदने की कोशिश कर रही है।