Delhi News: एमसीडी के स्कूल खस्ताहाल, एक कमरे में चल रहीं तीन कक्षाएं
अमर उजाला ब्यूरो, नई दिल्ली।
Published by: Jeet Kumar
Updated Sun, 04 Sep 2022 03:55 AM IST
सार
आम आदमी पार्टी के मुख्य प्रवक्ता सौरभ भारद्वाज ने ग्रेटर कैलाश स्थित स्कूल का दौरा किया और कहा कि एमसीडी के स्कूल के अंदर कक्षाओं में पक्की छत नहीं है।
आप विधायकों ने शनिवार को भाजपा शासित एमसीडी के स्कूलों का दौरा किया। इस दौरान दिल्ली के उपमुख्यमंत्री और शिक्षा मंत्री मनीष सिसोदिया ने कहा कि भाजपा ने 17 साल एमसीडी की सत्ता में रहते हुए गरीब बच्चो को ऐसे स्कूल व शिक्षा व्यवस्था दी है। दिल्ली व देश के भविष्य के साथ इस तरह खिलवाड़ करने के लिए भाजपा को माफी मांगनी चाहिए।
आम आदमी पार्टी के मुख्य प्रवक्ता सौरभ भारद्वाज ने ग्रेटर कैलाश स्थित स्कूल का दौरा किया और कहा कि एमसीडी के स्कूल के अंदर कक्षाओं में पक्की छत नहीं है। एक कक्षा के अंदर दो से लेकर तीन कक्षाओं को एक साथ पढ़ाया जाता है।
एमसीडी के स्कूलों में शिक्षकों की इतनी कमी है कि नर्सरी से लेकर पांचवीं तक कुल 7 कक्षाएं चलती हैं। विधायक दुर्गेश पाठक ने कहा कि पोल खुल जाने के डर से भाजपा शासित एमसीडी ने स्कूल देखने से रोक दिया।
विज्ञापन
राजेंद्र नगर विधानसभा में इंद्रपुरी स्थित एमसीडी स्कूल देखने गया तो वहां ताला लगा हुआ था। उधर, एमसीडी ने आप विधायकों के आरोपों को बेबुनियाद बताया है। उन्होंने कहा कि एमसीडी स्कूली में सभी बुनियादी सुविधाएं मौजूद हैं।
टाट-पट्टी पर पढ़ते हैं बच्चे : दुर्गेश पाठक
दुर्गेश पाठक ने कहा कि निगम के स्कूलों में बच्चे टाट-पट्टी पर पढ़ते हैं। विधायक दिलीप पांडे ने कहा कि भाजपा ने एमसीडी के स्कूलों में पांचवी तक पढ़ने वाले बच्चों की नींव को खोखला कर दिया है। एक तरह से उन्होंने इस देश की नींव को खोखला करने का काम किया है।