टीम डिजिटल, अमर उजाला, कानपुर
Updated Wed, 26 Oct 2016 11:28 PM IST
टॉपर को एक लाख रुपये व सेकेंड स्टूडेंट को 50 हजार रुपये का नगद पुरस्कार
इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड एकाउंटेंट ऑफ इंडिया की सेंट्रल इंडिया रीजनल काउंसिल की करियर काउंसलिंग कमेटी देश में कॉमर्स की पढ़ाई को बढ़ावा देने के लिए कक्षा नौ से 12वीं तक के स्टूडेंटों के बीच वाणिज्य प्रतिभा खोज टेस्ट एवं वाणिज्य कुशाग्र-2016 का आयोजन करवाएगी। टॉपर को एक लाख रुपये व सेकेंड स्टूडेंट को 50 हजार रुपये का नगद पुरस्कार दिया जाएगा। इसके अलावा दो हजार स्टूडेंटों को सांत्वना पुरस्कार दिया जाएगा।
सेंट्रल इंडिया रीजनल काउंसिल के मेंबर सीए मनु अग्रवाल व रीजनल काउंसिल के कोषाध्यक्ष दीप कुमार मिश्रा ने बताया कि स्टूडेंटों को 25 नवंबर तक वेबसाइट icaicommercewizard.com पर रजिस्ट्रेशन कराना होगा। इसके लिए 100 रुपये फीस निर्धारित की गई है। यह ऑनलाइन ही जमा होगी। 11 दिसंबर को पहली परीक्षा ऑनलाइन होगी। इसके बाद आठ जनवरी को दूसरी परीक्षा सीए संस्थान के अधिकृत केंद्रों पर होगी। ऑनलाइन परीक्षा में कक्षा नौ से 12वीं तक के हर वर्ग के स्टूडेंट हिस्सा ले सकेंगे। ऑनलाइन परीक्षा वेबसाइट और मोबाइल ऐप के जरिये दी जा सकेगी। दूसरी परीक्षा में वही स्टूडेंट शामिल होंगे जो ऑनलाइन परीक्षा में पास होंगे। परीक्षा का आयोजन देश के बाहर ऑस्ट्रेलिया, कनाडा, श्रीलंका, आबूधाबी, दुबई, नेपाल समेत सीए संस्थान के 25 अन्य केंद्रों में भी होगा। सीए दीप कुमार मिश्रा ने बताया कि परीक्षा सामान्य गणित, वर्तमान आर्थिक प्रसंग, सामान्य अर्थशास्त्र, व्यापार आदि की जानकारी, तार्किक विश्लेषण आदि से संबंधित प्रश्न पूछे जाएंगे।
75 मिनट में 100 प्रश्न
सीए मनु अग्रवाल ने बताया कि ऑनलाइन परीक्षा में सौ प्रश्न आएंगे। इसके लिए 75 मिनट का समय निर्धारित रहेगा। 100 प्रश्नों के लिए 10 स्लॉट होेंगे। यानी पहले स्लॉट में कम से कम तीन प्रश्न के जवाब देने के बाद ही अगले स्लॉट में जाया जा सकेगा।