कुशीनगर जिले के पडरौना कोतवाली क्षेत्र के बंजारीघाट के पास झरही नाले में नहाते समय दो बालकों की डूबने से मौत हो गई। पडरौना नगर के तुरहा टोली के रहने वाले दोनों बालकों की मौत से इनके घरों में कोहराम मच गया। जब तक पुलिस पहुंची, परिजनों ने उनके शवों का अंतिम संस्कार कर दिया था।
बताया जा रहा है कि पडरौना नगर के तुरहा टोली निवासी अनिल का आठ वर्षीय पुत्र कुनाल और विनोद का सात वर्षीय पुत्र सुमित सहित आठ बालक बंजारीघाट स्थित बुढ़िया माई मंदिर के पास झरही नाले में नहाने गए थे। ये दोनों बालक नहाते समय गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे।
इन्हें डूबते देख अन्य बालकों ने उन्हें बचाने की कोशिश, लेकिन सफल नहीं हुए तो भागते हुए घर पहुंचे। दोनों बालकों के घरवालों को सूचना दी। परिजन दौड़ते हुए घटनास्थल पर पहुंचे और उनकी खोजबीन शुरू की।
काफी तलाश के बाद कुनाल और सुमित का शव मिला। इसके बाद वहां चीत्कार मच गई। परिजन दोनों बालकों के शवों को लेकर घर आए और उनका अंतिम संस्कार कर दिया।
कोतवाल अनुज कुमार सिंह ने बताया कि सूचना मिलने पर कस्बा चौकी इंचार्ज रामचंद्र को पुलिसकर्मियों के साथ भेजा गया था, लेकिन तब तक परिजन उनका अंतिम संस्कार कर चुके थे। स्वेच्छा से शवों का अंतिम संस्कार करने के बारे में लिखित पत्र लेकर पुलिस चली आई।