अंबाला। स्पैट के लिए स्कूल स्तर पर तैयारियां तेज हो गई हैं। इसके आयोजन के लिए स्कूलों में कमेटियों का गठन किया जाएगा, जो इन खेलों पर नजर रखेंगी। बीस दिसंबर से शुरू होने वाले स्पैट के पहले राउंड को लेकर पूरी तैयारियों पर नजर है।
उल्लेखनीय है कि स्पैट के पहले राउंड का आयोजन दो माह देरी से शुरू हो रहा है। इसे ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन न करवाते हुए सीधे स्कूलों के सुपुर्द कर दिया गया है। स्कूल स्तर पर ही यह रजिस्ट्रेशन होगा। खेल विभाग का कहना है कि स्पैट के पहले दौर के टेस्टों को लेकर शिक्षा विभाग को सारी प्रक्रिया समझा दी गई। इसके बाद शिक्षा विभाग ने ही इस पहले दौर के टेस्टों का आयोजन करना है और इसी सारी व्यवस्थाएं भी शिक्षा विभाग को ही करनी है।
जिला अंबाला में 798 (प्राइमरी, मिडिल, हाई, सीनियर सेकेंडरी), 400 निजी स्कूल तथा 34 एडिड स्कूल हैं। इन स्कूलों में खेल विभाग की मानें, तो यदि स्कूल स्तर पर ही पहला राउंड स्कूल में ही होता है, तो बच्चे अधिक उत्साह से भाग लेंगे। ऐसे में प्रतिभागियों की संख्या भी बढ़ेगी और दूसरे राउंड में पहुंचने वाले बच्चों की तादाद अधिक रहेगी।
ऐसे में शिक्षा विभाग ने भी अपने स्तर पर यह तैयारियां शुरू कर दी है। इसके लिए खंड स्तर पर बीईओ की बैठकें ली जा चुकी हैं और इन सभी को दिशा निर्देश जारी कर दिए गए हैं। इसके तहत सभी स्कूलों में कमेटियों का गठन किया जाएगा। इन कमेटियों में डीपीआई, पीटीआई, लेक्चरर शामिल किए जाएंगे। यह कमेटियां स्कूलों में रजिस्ट्रेशन, खेलों के आयोजन व अन्य व्यवस्थाएं देखेंगी। इसके बाद सारा रिकार्ड बीईओ के माध्यम से खेल विभाग के सुपुर्द किया जाएगा, जिसके बाद टेस्ट पास हुए खिलाड़ियों का बैटरी टेस्ट जिला स्तर पर खेल विभाग लेगा।
---------------------
‘स्पैट के पहले राउंड के टेस्टों को लेकर बीईओ स्तर पर बैठक हो चुकी है। इस बैठक में सभी को इस आयोजन के मामले में दिशा निर्देश दे दिए गए हैं। शिक्षा विभाग की तैयारियंा पूरी हैं।’
- राजेंद्र सिंह, एईओ (खेल) शिक्षा विभाग, अंबाला