एप डाउनलोड करें
विज्ञापन

बोर्ड के मूल्यांकन केंद्र से उत्तर पुस्तिकाएं गायब होने का मामला

Ambala Updated Sun, 05 May 2013 05:30 AM IST
विज्ञापन
विज्ञापन

Next Article

अंबाला। शहर में हरियाणा स्कूल शिक्षा बोर्ड के मूल्यांकन केंद्र से उत्तर पुस्तिकाएं गायब होने के मामले में बोर्ड की जांच संदेह और सवालों में घिरती जा रही है। जांच के लिए भिवानी से अंबाला आए डिप्टी सचिव के समक्ष मुख्य और सहायक परीक्षक यह बयान दे चुकी है कि वे उत्तर पुस्तिकाओं को लेकर सेंटर से बाहर नहीं गई हैं। इन्हीं बयानों ने इस पूरे केस में संदेह की स्थिति पैदा कर दी है, जिससे बोर्ड की जांच टीम भी इस मामले में अब कई पहलुओं पर जांच कर रही है।
विज्ञापन
विज्ञापन

कुछ दिन पहले अंबाला शहर में बोर्ड के इस मूल्यांकन केंद्र से दसवीं कक्षा की विज्ञान की 49 उत्तर पुस्तिकाएं गायब हो गई थीं। ‘अमर उजाला’ ने इस मामले को प्रमुखता से उजागर किया था। इसके बाद पहले तो जिला प्रशासन ने इस मामले में जांच शुरू करवाई। उधर, पुलिस ने भी इस मामले में मुख्य और सहायक परीक्षक के खिलाफ केस दर्ज किया। तीसरी जांच हरियाणा स्कूल शिक्षा बोर्ड की डिप्टी सचिव की टीम कर रही है।
तीनों जांच टीमों ने सेंटर पर मुख्य और सहायक परीक्षक के बयान दर्ज कर लिए हैं। पहले तो यह आशंका जताई जा रही थी कि उत्तर पुस्तिकाएं सेंटर से बाहर ले जाई गई हैं, लेकिन अपने बयानों में मुख्य और सहायक परीक्षक ने इस बात से इंकार कर दिया है। उनका कहना है कि उत्तर पुस्तिकाएं उनके सेंटर से बाहर नहीं गईं और उन्हें भी नहीं मालूम कि आखिरकार ये उत्तर पुस्तिकाएं कहां गायब हो गई हैं।
विज्ञापन

इन्हीं बयानाें ने बोर्ड की जांच टीम के समक्ष कई सवाल और संदेह की स्थिति पैदा कर दी है। बोर्ड की जांच टीम अब कई और कर्मचारियों पर भी संदेह जताते हुए उन्हें भी इस मामले में जिम्मेदार मान रही है, जबकि बोर्ड की जांच टीम इस बात पर भी जांच कर रही है कि जब यदि उत्तर पुस्तिकाएं सेंटर से बाहर नहीं गई, तो कहां चली गईं।
ये सवाल पैदा करते हैं संदेह
उत्तर पुस्तिकाएं सेंटर से ही गायब हुई हैं तो, सेंटर कंट्रोलर ने चोरी की शिकायत क्यों नहीं दर्ज करवाई? आखिर कंट्रोलर ने मुख्य और सहायक परीक्षक के खिलाफ सरकारी संपत्ति खुर्द-बुर्द करने का केस क्यों दर्ज करवाया? अपनी जांच में इन्हीं सवालों का जवाब जांच टीम ढूंढ रही है।
विज्ञापन
Next
एप में पढ़ें