अंबाला। छावनी के जगाधरी रोड स्थित शर्मा अस्पताल के पीछे नगर निगम के क्वार्टरों के पास पन्ना कॉटेज में नगर निगम की जमीन पर छावनी के एक प्रभावशाली नेता द्वारा कब्जा करने के मामले में नगर निगम के कमिश्नर और डीसी बिल्डिंग इंस्पेक्टर संदीप कुमार और लीज क्लर्क सुरेंद्र कुमार को सस्पेंड कर दिया है।
डीसी ने दोनों को चार्जशीट कर जवाब तलब किया है। दोनों पर ड्यूटी में लापरवाही बरतने का आरोप है। आरोप हैं कि दोनों ने इस कब्जे की जानकारी नगर निगम के कमिश्नर को समय पर नहीं दी। जबकि दोनों के संज्ञान में इस निर्माण का पूरा मामला था। उल्लेखनीय है कि ‘अमर उजाला’ ने 23 जून के अंक में ‘निगम की जमीन पर कांग्रेसी नेता का कब्जा!’ शीर्षक से समाचार प्रकाशित किया था। खबर पर संज्ञान लेते हुए डीसी ने पूरे मामले में ड्यूटी में कोताही बरतने वाले बिल्डिंग इंस्पेक्टर और लीज क्लर्क के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दोनों को तत्काल प्रभाव से मुअत्तल कर दिया है।
उल्लेखनीय है कि नगर निगम की पन्ना कॉटेज में एक हजार गज के करीब जमीन है। जिस पर कैंट के एक प्रभावशाली नेता ने कब्जा करते करते हुए निर्माण भी शुरू करवा दिया है। इस जमीन की चहारदीवारी बनाकर इस पर लोहे का गेट लगा दिया गया है और अंदर आराम से कोठी खड़ी करने का काम चल रहा है। बताया जा रहा है नेता ने अपनी पत्नी के नाम पर निगम के अफसरों से मिलीभगत कर ये जमीन बहुत ही सस्ती दर पर किराए पर लेने के दस्तावेज बनवा लिए हैं। मगर निगम के कर्मचारियों ने डीसी अंबाला के संज्ञान में इस मामले को लाना उचित ही नहीं समझा। चुपचाप से कांग्रेसी और निगम के कर्मचारी मिलकर इस काम को अंजाम दे रहे थे।
छावनी विधायक अनिल विज ने इस मामले में मुख्यमंत्री से इस मामले में सीबीआई जांच करवाने की मांग की है और ऐसे निगम कर्मियों व कांग्रेसी के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।
---
इस मामले में कार्रवाई करते हुए बिल्डिंग इंस्पेक्टर संदीप कुमार और लीज क्लर्क सुरेंद्र कुमार को सस्पेंड कर दिया गया है। सरकारी जमीन पर कब्जा किसी कीमत पर बरदाश्त नहीं किया जाएगा। ये मामला उनके संज्ञान में नहीं था। वरना उसकी चहारदीवारी और निर्माण कब का रूक गया होता। दोनों को चार्जशीट कर दिया गया है।
-शेखर विद्यार्थी, डीसी अंबाला-