अंबाला। बारिश के तीन दिन बाद भी शहर और छावनी की दो दर्जन कालोनियाें में अब भी बरसाती पानी खड़ा है। निकासी की व्यवस्था नहीं होने के कारण लोगों को खासी परेशानी हो रही है। दुर्गंध के कारण लोगों का जीना मुहाल हो गया है। पानी में पनपते मच्छड़ों को कारण लोगों को मलेरिया समेत अन्य जलजनित बीमारियों का डर सताने लगा है। जलजमाव के कारण लोगों के घरों में जहरीले कीड़े समेत सांप घुस रहे हैं। इस कारण लोगों में दहशत बढ़ती जा रही है।
इन कालोनियों में जमा है पानी
बैंक कालोनी, बैंक एनक्लेव, अमर नगर, गांधी नगर, शांति नगर, न्यू लक्ष्मी नगर, गणेश विहार, लक्ष्मी नगर, सावन विहार, पंजाबी बाग, सत्संग विहार, पालम विहार
लोग बोले, डीसी साहब जल्दी पंप लगवाओ
सिटी निवासी संजय कुमार खेड़ा, हरदीप सिंह काका, गगनजीत सिंह, रूबल शमार्ज्ञ, नीरज शर्मा राजू, विशाल, विक्रम आनंद, वीरेंद्र साहनी के अनुसार समझ में नहीं आ रहा है कि क्या डीसी अंबाला, मेयर या निगम अफसरों को कालोनियों में खड़ा हुआ पानी नजर नहीं आ रहा है। लोग तीन दिनों से पानी में फंसे हुए हैं, दुकानें बंद है, घरों से लोगों का निकलना मुश्किल बना हुआ है और जिला एवं निगम प्रशासन सो रहा है। कैंट के कालोनी वासी ममता, संदीप, अमित शर्मा, कृष्ण कुमार शर्मा, मालती शर्मा, विनोद कुमार, हरभजन सिंह, संगीता, अल्का, शोभा, सुरेंद्र, सुरेश गौतम, अनिल गौतम व शामलाल के अनुसार डीसी साहब, निगम अफसर और पार्षद सुर्खियों में रहने के लिए उन इलाकों में घूम रहे हैं, जहां कुछ घंटों बाद पानी उतर गया था, लेकिन यहां जहां बारिश बंद होने के तीन दिन बाद भी पानी नहीं उतरा, वहां कोई सुध लेने अभी तक नहीं आया।
सिविल सर्जन ने माना, मलेरिया का पूरा खतरा
सिविल सर्जन अंबाला डा. विनोद गुप्ता भी मानते हैं कि जिन कालोनियों में पानी खड़ा है, वहां मलेरिया का पूरा खतरा है। इसके लिए लोगों को एहतियात बरतना होगा। लोगों को भी चाहिए जहां पानी खड़ा है, वहां खुद मिट्टी का तेल डालकर काम चलाएं। उधर, नगर निगम के अफसरों को भी चाहिए जल्द से जल्द खड़ा हुआ पानी को उतरवाएं, ताकि उसके बाद स्वास्थ्य महकमा अपनी कार्रवाई कर सके। क्योंकि ज्यादा देर पानी खड़े रहने से मलेरिया बुखार का खतरा और बढ़ेगा।
मेयर बोले, क्या कर रहे हैं क्षेत्र के पार्षद
मेयर रमेश कुमार मल का कहना है कि मुझे तो इन कालोनियों के बारे में किसी ने बताया ही नहीं। सीनियर डिप्टी मेयर और स्वर्ण कौर पार्षद का फोन आया था तो उनके इलाकों में मोटर लगवाकर पानी निकलवा दिया है। लेकिन जिन कालोनियों में तीन दिन से पानी खड़ा है, उसके बारे में किसी ने मुझे बताया ही नहीं। मेयर ने कहा कि ‘मुझे समझ नहीं आता कि वहां के पार्षद क्या कर रहे हैं।
टाइम लगा तो दौरा करके आऊंगा: सीनियर डिप्टी मेयर
सीनियर डिप्टी मेयर साहब दुर्गा सिंह अत्री कहते हैं कि इधर बोह और बब्याल इलाके में तो पानी निकलवा दिया गया है। लेकिन मैं उन कालोनियों में नहीं गया, जहां अभी भी पानी खड़ा है। उनके अनुसार मुझे सोमवार को थोड़ा काम है। मुझे टाइम लगा तो सोमवार को इन कालोनियों का हाल देखकर आऊंगा।