गुड़गांव। खाद्य एवं औषधि विभाग की टीम ने शनिवार रात शीतला कॉलोनी की गली नंबर सात में सोन पापड़ी का अवैध कारोबार पकड़ा। यहां सोन पापड़ी बनाने से लेकर पैकिंग करने तक भारी अनियमितताएं पाई गईं। विक्रेता के पास लाइसेंस नहीं मिला। मिठाई के सैंपल भरकर जांच के लिए भेज दिए गए।
खाद्य एवं औषधि विभाग के मिलावटखोरों पर नकेल कसने के अभियान के अंतर्गत शनिवार को मिठाई की एक दुकान से सोन पापड़ी की ऐसी पैकिंग मिली, जिस पर मेन्यूफैक्चिरंग डेट नवंबर की लिखी थी। जब मिठाई विक्रेता से पूछा गया कि अक्तूबर में नवंबर माह की बनी मिठाई कैसे आ गई तो वह सकपका गया। मिठाई विक्रेता से पूछताछ में टीम को पता चला कि शीतला कॉलोनी की गली नंबर सात में एक फैक्ट्री से सोन पापड़ी की यह मिठाई ली गई है। इस पर टीम ने अपने आला अधिकारियों को सूचित करके देर रात बताए गए स्थान पर छापा मारा।
टीम का नेतृत्व कर रहे खाद्य सुरक्षा अधिकारी सुरेंद्र पुनिया ने बताया कि स्पेशल बीकानेरी प्रीमियम क्वालिटी सोन पापड़ी के नाम से की गई पैकिंग में मेन्यूफैक्चरिंग डेट के गलत लिखने के साथ मिठाई बनाने के स्थान की भी गलत सूचना दी गई है। मोहित म्यूजिक के नाम से चलाई जा रही इस फैक्ट्री संचालक के पास लाइसेंस भी नहीं था। सोन पापड़ी के सैंपल जांच के लिए भेजकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।