गुड़गांव। प्रदेश के राजकीय महाविद्यालयों में सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा देने का प्रयास कर रहे उच्चतर शिक्षा विभाग के निर्देश पर शहर के राजकीय महिला और द्रोणाचार्य राजकीय कॉलेज में 22 फरवरी से रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे।
राजकीय महिला महाविद्यालय सेक्टर-14 में सांस्कृतिक कार्यक्रम को ‘अनुगूंज’ नाम दिया गया है। कॉलेज के प्राचार्य डॉ. अशोक दिवाकर ने बताया कि इस दौरान होने वाली कई गतिविधियों के लिए छात्राओं का प्रशिक्षण दो दिन से संगीत विभाग में चल रहा है। संगीत विभाग के अध्यक्ष लोकेश शर्मा ने बताया कि 22 फरवरी को हिंदी, पंजाबी, उर्दू, अंग्रेजी और हरियाणवी कविता पाठ होगा। इसमें करीब डेढ़ सौ छात्राएं हिस्सा लेंगी। इसके बाद मिमिक्री और स्किट का आयोजन होगा। 23 को म्यूजिक, डांस, क्लासिकल गीत, गजल और भजन का कार्यक्रम होगा। उधर, द्रोणाचार्य राजकीय महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. आरके यादव ने बताया कि कॉलेज में ऐसे विद्यार्थियाें को भी सांस्कृतिक कार्यक्रम में हिस्सा लेने का मौका दिया जाएगा, जो पहले कभी इनमें शामिल नहीं होते थे।