गुड़गांव। यहां से दूसरे बड़े शहरों में जाने वाले यात्रियों को परेशानी हो रही है। रोडवेज ने तीन महीने पहले सात रूटों पर बस सेवा बंद की थी, जो आज तक बहाल नहीं हो सकी है। इन रूटों पर बस के लिए यात्रियों को राजीव चौक या इफ्को चौक से दूसरे राज्यों की बसें पकड़नी होती हैं।
सिटी सेवा के विस्तार के लिए रोडवेज ने तीन महीने पूर्व गुड़गांव से जयपुर, देहरादून, शिमला, जम्मू, जालंधर, अलवर व मथुरा रूट पर बसें बंद कर दी थीं। कुछ चालकों-परिचालकों को सिटी सेवा में स्थानांतरित किया गया था। इस कारण लंबे रूटों पर बस सेवा बंद करनी पड़ी थी। उस समय रोडवेज ने दावा किया था कि कर्मचारियों की भर्ती के बाद इन रूटों पर सेवा बहाल की जाएगी।
अब चालकों-परिचालकों की भर्ती के बाद भी इन रूटों पर सेवा शुरू नहीं हुई। इन शहरों में जाने वाले यात्रियों को खासी परेशानी हो रही है। खासकर जालंधर, शिमला और जयुपर जाने वाले यात्रियों को दिल्ली जाकर बस पकड़नी पड़ रही है। जयपुर और अलवर रूट के यात्रियों को राजीव चौक या इफ्को चौक जाकर बस पकड़नी होती है। इससे यात्रियों की जेब पर अतिरिक्त बोझ पड़ रहा है, साथ ही समय भी अधिक लग रहा है। डिपो के महाप्रबंधक यशेंद्र सिंह ने स्वीकार किया कि कई रूटों पर सेवा बंद होने से यात्रियों को परेशानी हो रही है। उन्होंने कहा कि जल्दी ही कुछ जरूरी रूटों पर बस सेवा शुरू कर दी जाएगी।