गुड़गांव। डिपो प्रबंधन ने चालक-परिचालकों के लिए रेस्ट हाउस बनाने का फैसला किया है। इसमें ठहरने के साथ उनको सभी तरह की सुविधाएं भी मुहैया कराई जाएंगी। ऑल हरियाणा रोडवेज ज्वाइंट एक्शन कमेटी के पदाधिकारियों की मांग पर प्रबंधन ने यह कदम उठाया। कमेटी के वरिष्ठ सदस्य ओमप्रकाश के अनुसार पदाधिकारियों ने महाप्रबंधक सुरेंद्र सिंह को चालक-परिचालकों की इस समस्या से अवगत कराया था। इस पर महाप्रबंधक ने पुरानी कैंटीन के स्थान पर रेस्ट हाउस बनाने की अनुमति दे दी है। कमेटी के पदाधिकारियों ने इसके लिए महाप्रबंधक का आभार प्रकट किया है। ओमप्रकाश ने कहा कि देर रात ड्यूटी पर जाने और ड्यूटी छोड़ने वाले चालक-परिचालकों के सामने रुकने की बड़ी परेशानी थी। नींद और परेशानी के कारण अक्सर वे तनावग्रस्त हो रहे थे। इसका प्रभाव उनके व्यवहार में देखा जा रहा था।