गुड़गांव (ब्यूरो)। श्रम विभाग की अदालत को सोमवार से लघु सचिवालय परिसर में बने नए भवन में शिफ्ट किया गया। श्रम यूनियन ने अदालत के जिला जज एके वर्मा, एमपी देवत को बधाई दी। एसोसिएशन के महासचिव अनिल कुमार ने कहा कि श्रम विभाग व श्रम अदालत एक ही परिसर में होने से श्रमिकों को राहत मिलेगी। इस मौके पर एसके गोस्वामी, एमपी गुप्ता, दिनेश वर्मा, मुकेश आजाद, एसके यादव, पीआर यादव, एचएल डांग, बलबीर कंबोज, संदीप कौशिक, दीपक कुमार, कृष्ण चौहान, महाबीर त्यागी सहित अन्य उपस्थित थे।
जनसुविधाआें के लिए लगी जनअदालत
गुड़गांव (ब्यूरो)। आयुध मीटर के नौ सौ मीटर दायरे का दंश झेल रहे लोगों की समस्या का समाधान खोजने के लिए भाजपा शीतला मंडल की ओर से शीतला कॉलोनी में आयोजित जन अदालत का आयोजन किया गया। लोगों ने सारा दोष यहां के सांसद और विधायक पर मढ़ते हुए साफ-साफ कहा कि यदि उनके दुख दर्द का पुख्ता इलाज नहीं किया तो यहां के निवासी आने वाले चुनाव में सरकार के खिलाफ मतदान करने का एकजुट फैसला ले सकते हैं। प्रदेश मीडिया प्रभारी उमेश अग्रवाल ने कहा कि नौ सौ मीटर के दायरे में रह रहे लोगों को प्रशासन ने जन सुविधाएं तक उपलब्ध कराना बंद कर दिया है। निगम पार्षद योगेंद्र सारवान, जिला महामंत्री कुलभूषण, सेवानिवृत्त कर्नल सुखबीर सिंह सहित अन्य ने संबोधित किया।
छह घंटे का काम 72 घंटे बाद भी अधूरा
गुड़गांव (ब्यूरो)। एक यूनिट बिजली के लिए 11 से 12 रुपये अदा करने वाले औद्योगिक एरिया के उपभोक्ताओं को बिजली निगम की ओर से सुविधाएं नहीं मिल रहीं। यहां फ्यूज उड़ जाने पर तीन से चार दिन भी नहीं जोड़ा जा रहा। मोहिनी फैशन कंपनी के महाप्रबंधक डीएन त्रिपाठी ने बताया कि उद्योग विहार फेज 5 में प्लॉट नंबर 803 में शुक्रवार को फ्यूज उड़ गया था। बिजली निगम के नियमों के अनुसार शहरी एरिया में फ्यूज 6 घंटे में लगाना अनिवार्य है। बिजली निगम ने 72 घंटे बाद भी उनकी शिकायत को दूर नहीं किया। हरियाणा इंडस्ट्रीज यूनिट के मालिक ईश्वर सिंह ने कहा कि बिजली की शिकायतों को निगम की ओर से लगातार अनदेखा किया जाता है।
निगम ने अतिक्रमण हटाया
गुड़गांव (ब्यूरो)। नगर निगम के दस्ते ने सोमवार देर शाम सदर बाजार, रेलवे रोड के आसपास अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाया। यहां बड़ी मात्रा में सामान जब्त किया गया। सड़कों को अतिक्रमण मुक्त कराने के इस अभियान में पुलिस का भी सहयोग रहा।