गुड़गांव। सेक्टर-38 स्थित ताऊ देवीलाल स्पोर्ट्स कांप्लेक्स में रविवार को राज्यस्तरीय सीनियर और सब-जूनियर कोर्फबॉल चैंपियनशिप का फाइनल मुकाबला हुआ। सीनियर वर्ग में रोहतक चैंपियन बना। फाइनल में उसने हिसार को 15-5 से शिकस्त दी। वहीं सब-जूनियर वर्ग की ट्रॉफी पर हिसार का कब्जा हुआ।
कोर्फबॉल के सीनियर वर्ग में मेजबान गुड़गांव को कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा। रविवार को गुड़गांव टीम को दो फाइनल लीग मैच खेलने पड़े। पहले मुकाबले में गुड़गांव टीम ने कांटे की टक्कर में हिसार को 9-8 से हराया। इसके अलावा गुड़गांव और रेवाड़ी के बीच हुए मुकाबले में स्कोर 6-6 से बराबरी के कारण ड्रा घोषित हुआ। इस प्रकार से गुड़गांव को तीसरे स्थान से ही संतोष करना पड़ा। गुड़गांव टीम की खिलाड़ी अंजू ने बताया कि गोल्ड मेडल नहीं मिलने का अफसोस है। जिला खेल विभाग के कोर्फबॉल कोच रामपाल ने बताया कि सब-जूनियर वर्ग का फाइनल मुकाबला हिसार और सोनीपत के बीच हुआ। इसमें हिसार ने सोनीपत को कड़े मुकाबले में 8-7 से पराजित कर दिया। इससे पहले जूनियर वर्ग में रोहतक को पलवल ने 5-4 से पराजित कर दिया। दूसरे मैच में हिसार ने पलवल को 11-8 से शिकस्त दी। तीसरे मैच में सोनीपत ने रोहतक को पराजित किया। जूनियर वर्ग में हिसार को स्वर्ण, सोनीपत को रजत और पलवल को कांस्य पदक मिला।