गुड़गांव। पटौदी क्षेत्र में सीआरपीएफ और हरियाणा पुलिस के अलावा शनिवार देर शाम बीएसएफ की एक कंपनी तैनात कर दी गई है। रविवार को सीआरपीएफ और बीएसएफ की और एक-एक कंपनी तैनात की जाएंगी। इस बीच पुलिस ने शुक्रवार के घटनाक्रम को अंजाम देने वाले 200 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। इनमें से 30 को नामजद किया गया है।
डीसीपी साउथ राहुल शर्मा ने बताया कि शुक्रवार को आगजनी की घटना के बाद हरियाणा पुलिस की अलग-अलग यूनिटों के लगभग 500 जवानों के अलावा केंद्रीय रिजर्व पुलिस फोर्स (सीआरपीएफ) और सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) की दो कंपनियां पटौदी क्षेत्र में तैनात की गई हैं। देर शाम बीएसएफ ने पटौदी क्षेत्र में फ्लैग मार्च किया। बीएसएफ के जवान पटौदी से जमालपुर चौक होते हुए ताजनगर, फर्रूखनगर, वजीरपुर होते हुए जमालपुर चौक से पंचगांव, राष्ट्रीय राजमार्ग नंबर-8, बिलासपुर होते हुए वापस पटौदी लौटे। दूसरी ओर, पटौदी खंड की 17 और फर्रूखनगर की 23 पंचायतों ने इस घटना की कड़ी निंदा की है। पटौदी और हेलीमंडी की नगर पालिकाओं के पार्षदों ने भी इस घटना पर दुख जताया है।