गुड़गांव। गुड़गांव सिटीजन काउंसिल (जीसीसी) के नेतृत्व में कई आरडब्ल्यूए और सामाजिक संगठनों ने बृहस्पतिवार को बिजली की बढ़ी दरों के खिलाफ प्रदर्शन किया। फ्यूल सरचार्ज एडजस्टमेंट वापस लेने की मांग को लेकर सर्कल महाप्रबंधक संजीव चोपड़ा को ज्ञापन सौंपा।
जीसीसी की अगुवाई में साउथ सिटी, सुशांत लोक, मालिबु टाउन, आरडी सिटी सहित अन्य आरडब्ल्यूए के पदाधिकारियों ने बिजली निगम मुख्यालय का घेराव किया। जीसीसी अध्यक्ष आरएस राठी ने कहा कि बिजली निगम की ओर से बिना किसी सूचना के दरों में बढ़ोतरी कर दी गई है। पिछले एक साल से फ्यूल सरचार्ज एडजेस्टमेंट के नाम पर लगातार बढ़ोतरी की जा रही है, जिसे 34 पैसे से लेकर 1.27 पैसे प्रति यूनिट तक बढ़ा दिया गया है। एक यूनिट पर 22 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी की गई है।
हरियाणा विद्युत विनियामक आयोग की अनुमति के बिना ही स्लैब रेटों को भी फ्लैट रेट में बदल दिया गया, जिससे करीब 21 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी हो गई। दोनों बढ़ोतरी को मिलाया जाए तो एक यूनिट पर औसतन 43 प्रतिशत तक का इजाफा कर दिया गया। आरडी सिटी के प्रधान टीएन कौल ने कहा कि बिजली के दाम बढ़ाने से पहले जनहित के बारे में जरूर सोचना चाहिए। साउथ सिटी के प्रधान अशोक भारद्वाज ने कहा कि बिजली विभाग रेट में इजाफा कर अपना मुनाफा बढ़ा रहा है। सुशांत लोक के पूर्व प्रधान पीके भाटिया ने कहा कि एक तरफ सरकार बिजली फालतू कहकर दूसरे प्रदेशों को बेच रही है, दूसरी तरफ कोयले के आयात का बहाना लगाकर लोगों से फ्यूल सरचार्ज एडजस्टमेंट वसूल रही है।
जीसीसी के उप प्रधान अभय पूनिया ने कहा कि इसके खिलाफ एचईआरसी में याचिका दायर की जाएगी। महाप्रबंधक संजीव चोपड़ा ने समस्याओं व मांगों को उच्चाधिकारियों के समक्ष रखने का आश्वासन दिया। इस मौके पर वार्ड-31 के पार्षद अशोक पहलवान, जीसीसी की महिला उप प्रधान शम्मी अहलावत, मालिबु टाउन की प्रधान अलका दलाल, सुशांत लोक 2-3 के प्रधान जोगिंदर सिंह, शिव शंकर राय और ब्रजमोहन मेहता समेत अन्य लोग मौजूद थे।