ओढां (सिरसा)। चौ. देवीलाल मेमोरियल इंजीनियरिंग कालेज पन्नीवाला मोटा के छात्रों की डायरेक्टर के तबादले की मांग के समर्थन में गांव की पंचायत भी उतर आई है। ग्रामीणों ने डायरेक्टर के तबादले की मांग उठाई है। शनिवार को छात्रोें के साथ कालेज डायरेक्टर की झड़प भी हुई।
शनिवार को कालेज में अवकाश के बावजूद छात्रों ने मुख्यद्वार पर धरना दिया। इस दौरान ओढ़ां, कालांवाली, सिरसा की पुलिस तैनात रही। छात्रों ने छात्र एकता जिंदाबाद, डीपी मोर नो मोर आदि स्लोगन लिखी तख्तियां लेकर नारेबाजी की। दो बजे जब कुछ छात्र उनसे बातचीत करने गए तो छात्रों की डायरेक्टर से झड़प हो गई। पुलिस ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। तनावपूर्ण स्थिति देखते हुए पुलिस ने डीपी को उनकी कोठी की ओर भेज दिया।
उपायुक्त से मिला कालेज स्टाफ
शुक्रवार देर शाम को कालेज स्टाफ सदस्य उपायुक्त से मिले। उपायुक्त ने स्टाफ को हिदायत दी कि वे कक्षाएं शुरू करवाएं और छात्रों एवं डायरेक्टर के बीच बातचीत का माध्यम बनें। उपायुक्त ने माना कि कालेज में कुछ अनुचित तो है जिसके चलते छात्र, स्टाफ और पन्नीवाला मोटा के ग्रामीण डायरेक्टर के खिलाफ हैं।
डायरेक्टर को बदला जाए: ग्रामीण
पन्नीवाला मोटा के ग्रामीणों ने भी छात्रों का समर्थन किया। ग्राम सरपंच प्रतिनिधि दाताराम, पूर्व सरपंच श्रवण डूडी आदि प्रदर्शन स्थल पर पहुंचे और छात्रों को साथ देने की बात कही। ग्रामीणों का एक शिष्टमंडल उपायुक्त से भी मिला। शिष्टमंडल ने डायरेक्टर के तबादले की मांग की है।