फतेहाबाद। अनाजमंडी के पीछे स्टेट बैंक आफ इंडिया के पास ट्रक बैक करवाते समय एक पल्लेदार की ट्रक और दीवार के बीच दबकर मौत हो गई। मौके पर काम कर रहे मजदूराें के शोर मचाने पर ट्रक चालक फरार हो गया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है।
फतेहाबाद के गुरुनानकपुरा मोहल्ला निवासी कपूर सिंह (35) अनाजमंडी में पल्लेदारी का काम करता था। रविवार सुबह वह अनाजमंडी के पीछे एसबीआई के पास बने एक गोदाम में ट्रक से खाद और कीटनाशक उतरवा रहा था। चालक ने उसे ट्रक को पीछे करवाने के लिए कहा। पल्लेदार कपूर सिंह ट्रक के पीछे खड़ा होकर ट्रक को आवाज देकर पीछे करवा रहा था। पता चला है ट्रक का बैक गेयर लगा हुआ था लेकिन चालक का ध्यान सामने था। कपूर सिंह चलो-चलो की बात कह रहा था तो अचानक तेजगति से ट्रक दीवार की तरफ आ गया जिससे कपूर सिंह दीवार और ट्रक के बीच दब गया। मजदूर उसे फतेहाबाद के सिविल अस्पताल में ले गये जहां थोड़ी देर बाद उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने मृतक के परिजनाें के बयान दर्ज कर चालक पर गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।